गोरखपुर पासपोर्ट सेवा केंद्र पूरी क्षमता से कार्यरत:सांसद
Gorakhpur News - गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने पासपोर्ट सेवाओं को सशक्त बनाने के केंद्र सरकार के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बताया कि गोरखपुर पासपोर्ट सेवा केंद्र पूरी क्षमता से कार्यरत है और यहां कोई भी आवेदन लंबित नहीं है। सांसद ने मोबाइल पासपोर्ट वैन की सेवाओं का भी जिक्र किया और सरकार का आभार व्यक्त किया।

गोरखपुर। सदर सांसद रवि किशन शुक्ला ने केंद्र सरकार द्वारा गोरखपुर और पूरे पूर्वांचल क्षेत्र में पासपोर्ट सेवाओं को और अधिक सशक्त एवं पारदर्शी बनाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बताया कि लोकसभा में पूछे गए एक प्रश्न के लिखित उत्तर में विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने स्पष्ट किया है कि गोरखपुर पासपोर्ट सेवा केंद्र पूरी क्षमता से कार्यरत है और वर्तमान में यहां कोई भी पासपोर्ट आवेदन लंबित नहीं है। सांसद ने कहा कि शहर के बशारतपुर स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र प्रतिदिन 1,155 अपॉइंटमेंट जारी करता है, जिसमें सामान्य श्रेणी के 940, तत्काल श्रेणी के 80 तथा पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट के 135 अपॉइंटमेंट शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त देवरिया, महाराजगंज, कुशीनगर, मऊ, आजमगढ़ और अंबेडकर नगर में पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र भी संचालित हो रहे हैं, जिससे पूर्वांचल के ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों के लोगों को बड़ी सुविधा मिल रही है। सांसद रवि किशन ने कहा कि मोबाइल पासपोर्ट वैन के माध्यम से दूरस्थ इलाकों में भी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्रालय का हृदय से आभार व्यक्त किया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



