ट्रेन में युवती से रेप का आरोपी टीटीई निलंबित, गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना

Feb 18, 2026 02:48 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गोरखपुर
share Share
Follow Us on

Gorakhpur News - कार्रवाई -ट्रेन में युवती को सीट देने के बहाने टीटीई ने किया था दुष्कर्म, फिर

ट्रेन में युवती से रेप का आरोपी टीटीई निलंबित, गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना

गोरखपुर/देवरिया, हिटी। गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस के एसी प्रथम श्रेणी कोच में युवती से दुष्कर्म के आरोपी टीटीई राहुल कुमार को रेलवे ने निलंबित कर दिया है। केस दर्ज कर आरोपित की गिरफ्तारी के लिए गोरखपुर और देवरिया की जीआरपी टीमों को लगाया गया है। वहीं, फरार टीटीई के खिलाफ इनाम घोषित करने की भी तैयारी है। आरोपी मूल रूप से बिहार के पटना का रहने वाला है। बताया गया कि बिहार में कई जगहों पर पुलिस ने दबिश दी लेकिन वह हाथ नहीं लगा। घटना के बाद उसका मोबाइल भी बंद है। मऊ की रहने वाली 22 वर्षीय एक युवती गोरखपुर में किराये के कमरे में रहती है।

रविवार को वह एनसीसी ‘सी’ सर्टिफिकेट की परीक्षा देकर गोरखपुर लौट रही थी। पांच बजे के करीब स्टेशन पर पहुंचने के बाद हड़बड़ी के चलते वह टिकट नहीं ले सकी और ट्रेन में सवार हो गई। आरोप है कि टिकट जांच रहे टीटीई ने पहले कार्रवाई का डर दिखाया और कुछ ही देर में सीट दिलाने का भरोसा देने लगा। इसके बाद वह युवती को एसी प्रथम श्रेणी कोच के केबिन में ले गया और दुष्कर्म किया। पीड़िता के अनुसार, विरोध करने पर आरोपी ने कार्रवाई की धमकी दी। किसी तरह केबिन से बाहर निकलकर युवती ने 112 नंबर पर फोन कर घटना की सूचना दी। इसके बाद आरोपी राहुल कुमार देवरिया में ट्रेन से उतरकर फरार हो गया। घटना का संज्ञान लेते हुए रेलवे प्रशासन ने आरोपित टीटीई को निलंबित कर दिया है। जीआरपी ने केस दर्ज कर लिया है। पीड़िता का बयान दर्ज करने के साथ ही मेडिकल परीक्षण भी करा रही है। जीआरपी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें पटना और अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। दुष्कर्म के अलावा कर्तव्य निर्वहन न करने की धारा लगी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म के अलावा अपने कर्तव्य का निर्वहन करने की जगह दुरुपयोग करने की धारा भी लगाई है। यह धारा सरकारी पद वाले जिम्मेदारों पर लगाई जाती है। इसमें पांच वर्ष से अधिक की सजा होती है। ...तो भटनी में ही उतर गया है आरोपी एनसीसी कैडेट ने इंदारा से लेकर देवरिया के बीच यह घटना होने की बात कही है। हालांकि, पुलिस सूत्रों की मानें तो जांच में यह पता चला है कि पीड़िता के साथ घटना सलेमपुर के आसपास हुई है और वारदात अंजाम देने के बाद आरोपी टीटीई भटनी रेलवे स्टेशन पर ही उतर गया। इसके बाद वह किसी अन्य ट्रेन से बिहार निकल गया। जीआरपी ने डीआरएम को भेजा पत्र टीटीई के बारे में जीआरपी को कोई खास जानकारी नहीं मिल पाई है। कोई पता तक नहीं बता पा रहा है। इसलिए जीआरपी देवरिया की तरफ से डीआरएम वाराणसी को पत्र भेजा गया है, ताकि उसका पता और अन्य जानकारियां मिल सकें। वारदात के तुरंत बाद ही जीआरपी गोरखपुर में केस दर्ज कर लिया गया। घटना देवरिया के पास हुई है, इस वजह से केस वहां ट्रांसफर कर दिया गया है। आरोपी की तलाश में छापेमारी चल रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पीड़िता का मेडिकल और बयान देवरिया में होगा। परिवार के लोग भी पहुंच गए हैं। -लक्ष्मी निवास मिश्र, एसपी, जीआरपी

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।