रास्ता पूछने के बहाने चेन झपटने वाले दो आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार
सचित्र पीपीगंज पुलिस ने सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से किया खुलासा झपटमारी की वारदात

पीपीगंज/भरोहिया हिटी। पीपीगंज क्षेत्र के रमवापुर गांव में रास्ता पूछने के बहाने एक व्यक्ति के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हुए दो आरोपियों को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महराजगंज जिले के पनियरा थाना क्षेत्र के नरकटहा बाजार टोला रजही निवासी उमेश कुमार केवट व कृष्ण मोहन प्रजापति के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, रमवापुर गांव निवासी मनोज कुमार वर्मा मंगलवार रात करीब नौ बजे अपने घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान बाइक से पहुंचे दो युवकों में से एक ने डिहवा गांव का रास्ता पूछा।
मनोज कुमार रास्ता बताने लगे, तभी आरोपी ने उनके गले में पहनी सोने की चेन झपट ली और साथी के साथ फरार हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तथा सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


