Gorakhpur News: जिसने सत्य को समझ लिया वह शिव : पुंडरीक महाराज
Gorakhpur News: मुक्तिपथ में श्रीमद रुद्र भागवत कथा के प्रथम दिन अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पुंडरीक गोस्वामी महाराज ने भारतीय संस्कृति, सत्य और वैराग्य के महत्व पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि सत्य को समझने वाला शिवमय हो जाता है, जबकि श्मशान मनुष्य को जीवन की नश्वरता का बोध कराता है। उनके अनुसार राम नाम सबसे बड़ा सत्य है और इसकी अनुभूति से मन में धर्म जागृत होता है।

Gorakhpur News: चिल्लूपार/बड़हलगंज, हिंदुस्तान संवाद। श्रीमद रुद्र भागवत कथा के प्रथम दिन कथा का रसपान कराते हुए अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पुंडरीक गोस्वामी महराज ने कहा कि भारतीय संस्कृति के मूल में ही जनमानस की आत्मा विद्यमान होनी चाहिए। मुक्तिपथ जैसा स्थान जहां पर शिव क्रीड़ा करते हैं, वहां पर कथा होना अपने आप में अद्वितीय है। उन्होंने कहा कि जिसने सत्य को समझ लिया वह शिव हो जाता है और जिसने सत्य को नहीं समझा वह शव हो जाता है। कथा व्यास ने कहा कि श्मशान के तीन गुण शास्त्रों में लिखा है। यह नश्वरता का बोध कराता है, और इसको जानकर मनुष्य के अंदर वैराग्य आ ही जाता है।
राम नाम ही सबसे बड़ा सत्य है। और जिस दिन मनुष्य को यह अनुभूति हो गई उसके अंदर धर्म जागृत हो जाएगा।उन्होंने कहा कि जिसको प्रतिष्ठा की ज्यादा चिंता नहीं होती है, समझ लीजिए वह धर्म के मार्ग पर है। श्मशान की भूमि सदा जागृत भूमि है, और यहां पर रुद्र महायज्ञ के साथ श्रीमद रुद्र भागवत कथा का होना, यहां के लोगों के लिए अपने आप में गौरवपूर्ण क्षण है। आकर्षक होना ही वैराग्य है और अति आकर्षक हो जाना अनुराग है।

