Gorakhpur News: 60 परिवारों ने 27 घंटे झेला बिजली कटौती का दंश
Gorakhpur News: गोरखपुर में विद्युत उपकेंद्र शाहपुर के कर्मचारियों की लापरवाही के कारण 60 परिवारों ने 27 घंटे बिना बिजली-पानी गुजारे। सोमवार शाम को बिजली गुल हुई और मंगलवार शाम को बहाल हुई। इसी बीच अन्य क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति में बाधा उत्पन्न हुई, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

Gorakhpur News: गोरखपुर, निज संवाददाता। विद्युत उपकेंद्र शाहपुर के कर्मचारियों की लापरवाही का खामियाजा 60 परिवारों ने 27 घंटे बिना बिजली पानी के गुजार कर चुकाया। सोमवार शाम करीब चार बजे बिजली गुल हुई जो मंगलवार देर शाम करीब सात बजे बहाल हुई। इधर कुछ ही देर बाद घरों में लगे इन्वर्टर भी जवाब दे गए। मंगलवार को दिन में भी आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो लोग पेयजल और अन्य कार्यों के लिए पानी को तरस गए। लोगों ने पीने का पानी तो खरीद लिया लेकिन घर की अन्य जरुरतों के लिए पानी के लिए काफी परेशानी हुई। दरअसल अभय नंदन गली में सोमवार शाम करीब चार बजे बिजली का पोल टूट गया। तार भी टूट गए। इससे करीब 60 घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सूचना पर पहुंचे बिजली कर्मचारी मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे तक आपूर्ति बहाल होने की बात कह कर चले गए。
बिजली गुल होने का असर
इससे पूरी रात अंधेरे में रहना पड़ा। बारिश के बीच बिजली गुल होने से घरों में पानी की मोटर, पंखे और अन्य जरूरी उपकरण भी बंद रहे। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी हुई। मंगलवार सुबह पानी का संकट खड़ा हो गया। दिनभर लोग बिजली बहाल होने का इंतजार करते रहे। मंगलवार शाम करीब सात बजे नया पोल लगा तब आपूर्ति बहाल हो सकी।
तार टूटा, 900 घरों की बिजली दो घंटे रही गुल
शहबाजगंज फीडर से जुड़े क्षेत्र में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे तार टूटने से फीडर बंद करना पड़ा। इससे 900 से अधिक घरों की बिजली करीब दो घंटे बाधित रही। स्थानीय लोगों ने बताया कि मरम्मत के बाद करीब दो घंटे में आपूर्ति बहाल हो सकी।
जेसीबी से केबल कटी, 28 अगस्त से प्रतिष्ठान की बिजली बाधित
गोलघर में सड़क और नाली निर्माण के दौरान जेसीबी से केबल क्षतिग्रस्त होने के कारण एक प्रतिष्ठान की बिजली 28 अगस्त से बाधित है। प्रतिष्ठान के मैनेजर ने बताया कि मंगलवार को खोदाई के दौरान केबल कटने की जानकारी हुई। बिजली निगम के कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त केबल ठीक कर जल्द आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया है।
राप्तीनगर इलाके में बिजली आपूर्ति व्यवस्था ध्वस्त
राप्तीनगर इलाके में बिजली आपूर्ति व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। सोमवार रात से मंगलवार रात तक भगवानपुर, राजनगर, दूरदर्शन, शिव नगर, सेमरा शहरी आदि फीडरों से जुड़े उपभोक्ताओं को बहुत कम बिजली मिली। राप्तीनगर उपकेंद्र से जुड़े भगवानपुर फीडर क्षेत्र में सबसे बुरा हाल है। एफसीआइ उपकेंद्र से आपूर्ति में व्यवधान के कारण भी परेशानी बढ़ रही है। शिवनगर फीडर रात दो बजे से सुबह तकरीबन 3:15 बजे तक बंद रहा। वही रात करीब 8 बजे बिजली कटी तो डेरा रात बहाल हुई। राजनगर फीडर, दूरदर्शन फीडर की भी बिजली कटी। सेमरा शहरी फीडर मंगलवार दोपहर तकरीबन साढ़े तीन घंटे बंद रहा।
पेड़ गिरने से 15 घंटे गुल रही 500 घरों की बिजली
खोराबार, हिन्दुस्तान संवाद। विद्युत उपकेंद्र खोराबार से जुड़े करीब 500 घरों की बिजली 15 घंटे गुल रही। खोराबार इलाके के बिंदटोलिया में सोमवार की रात करीब 10.30 बजे 11 केवी लाइन पर पेड़ गिरने से पोल टूट गया। इससे तालकंदला, विंदटोलिया और खोराबार के करीब पांच सौ घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। मंगलवार दोपहर नया पोल लगाने के बाद दोपहर करीब 2 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई। चौरीचारा उपखंड प्रथम के सहायक अभियंता राजेश चौहान ने बताया कि सुबा बाजार फीडर क्षेत्र में 11 केवी लाइन पर एक भारी पेड़ गिर गया था। बारिश के कारण रात में बिजली बहाल नहीं हो सकी। सुबह से कर्मचारी ठीक करने में लगे थे। दोपहर दो बजे तक बिजली बहाल कर दी गई।


