एंबुलेंस माफिया: फिर बीआरडी में शुरू हुआ खेल, पुलिस ने सीज की आशिफ उर्फ गोलू गैंगस्टर की एंबुलेंस
Gorakhpur News - गुलरिहा (गोरखपुर) में बीआरडी मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर के बाहर खड़ी अवैध एंबुलेंस को पुलिस ने सीज कर दिया। जांच में पता चला कि यह एंबुलेंस गोलू गैंगस्टर द्वारा संचालित हो रही थी, जो मेडिकल चौकी...

गुलरिहा(गोरखपुर),हिन्दुस्तान संवाद। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में शनिवार की शाम अवैध रूप से ट्रॉमा सेंटर के बाहर खड़ी एक निजी एंबुलेंस को पुलिस ने सीज कर दिया। पुलिस की जांच में सामने आया कि मेडिकल चौकी पुलिस पर हमला करने वाला गोलू गैंगस्टर एंबुलेंस का संचालन करा रहा था। उसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई में जुटी है। शनिवार की शाम पुलिस गश्त कर रही थी। इसी दौरान ट्रॉमा सेंटर के बाहर एक टवेरा एंबुलेंस यूपी 63 एटी 0349 संदिग्ध हालात में खड़ी मिली। पुलिस को देखते ही ड्राइवर, गाड़ी छोड़कर भाग निकला। जांच में पता चला कि मिर्जापुर के चुनार स्थित कल्पना मल्टी हॉस्पिटल के नाम से उसका संचालन किया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने एंबुलेंस को सीज कर दिया। पुलिस का कहना है कि 9 जुलाई 2023 को मेडिकल चौकी पुलिस के ऊपर हमला करने वालों में शामिल आशिफ उर्फ गोलू पुत्र लाल मोहम्मद निवासी फत्तेपुर थाना चिलुआताल उसका संचालन करा रहा है।
आरोपी गोलू के खिलाफ 20 दिसंबर 2023 को गुलरिहा पुलिस ने जब गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। तब उसका पिता लाल मोहम्मद समर्थकों को लेकर चौकी के सामने रोड पर लेट गया था। उसने गोरखपुर महराजगंज फोरलेन जाम करके लोगों को परेशान किया। पुलिस के अनुसार एंबुलेंस को आशिफ पुत्र लाल मोहम्मद के नाम से सीज किया गया है। आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


