
धर्मांतरण के आरोप में पांच नामजद समेत अन्य पर मुकदमा
Gorakhpur News - चौरीचौरा थाना क्षेत्र के महदेवा अदाई गांव में धर्मांतरण के आरोप में पुलिस ने पांच नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के नगर अध्यक्ष अमित वर्मा की तहरीर पर यह कार्रवाई हुई। आरोप है कि दलितों को पैसे और नौकरी का लालच देकर धर्म बदलने का दबाव बनाया जा रहा था।
चौरीचौरा, हिन्दुस्तान संवाद। चौरीचौरा थाना क्षेत्र के महदेवा अदाई गांव में धर्मांतरण के आरोप को लेकर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के नगर अध्यक्ष अमित वर्मा की तहरीर पर की गई है। बताया जा रहा है कि बीते शुक्रवार की रात विहिप नेताओं व कार्यकर्ताओं ने धर्म परिवर्तन का आरोप लगाते हुए गांव में हंगामा किया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और पांच-छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। विहिप नेता अमित वर्मा ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि महदेवा अदाई गांव में एक दलित व्यक्ति के घर पर कुछ लोग अनुसूचित जाति के गरीब लोगों को धन का लालच, नौकरी का प्रलोभन और कथित चमत्कार के जरिए बीमारी दूर करने का दावा करते हुए प्रवचन दे रहे थे।
आरोप है कि लोगों पर धर्म बदलने के लिए मानसिक दबाव बनाया जा रहा था। तहरीर में कहा गया है कि जब विहिप कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे तो कुछ लोग बीमारी ठीक करने और आर्थिक सहायता देने की बात कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट पर आमादा हो गए। इस मामले में जयदेव जॉर्ज, अभिषेक कुमार, सूरज मसीह, सनी आनंद, किरेश पासवान सहित कुछ अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, बलवा, गाली-गलौज समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




