लोनी गैंग के सरगना का साला गिरफ्तार, तीन और गुर्गे पुलिस के हत्थे चढ़े
Gorakhpur News - गोरखपुर में पुलिस ने लोनी गैंग के सरगना संजय के साले समेत तीन पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है। गैंग चौरी चौरा और झंगहा क्षेत्र में सक्रिय था। पुलिस ने आरोपियों के साथ एक बिना नंबर प्लेट का पिकअप वाहन भी बरामद किया है। फाइनेंसर और अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाई गई हैं।

चौरीचौरा और झंगहा क्षेत्र में सक्रिय लोनी गैंग के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरगना संजय के साले समेत तीन और पशु तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं गैंग के फाइनेंसर और दो अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खजनी क्षेत्र के उनवल वार्ड नंबर-7 निवासी मिठाई लाल, संतकबीरनगर के खलीलाबाद बऊरहवा निवासी गुड्डू, और गगहा थाना क्षेत्र के देउदवीर निवासी मंदनी के रूप में हुई है। ये सभी गैंग सरगना संजय के साथ मिलकर चौरीचौरा और झंगहा इलाके में पशु तस्करी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बिना नंबर प्लेट का एक पिकअप वाहन भी बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल पशुओं की तस्करी में किया जाता था। इससे पहले पुलिस गैंग सरगना संजय, चंदन और दिनेश जाटव को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब उसके साले समेत तीन और गुर्गों की गिरफ्तारी से गैंग की कमर टूटती नजर आ रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी गंभीर रहा है। गुड्डू के खिलाफ वर्ष 2023 में मारपीट और धमकी का मामला दर्ज है। मंदनी पर बांसगांव थाने में दो मुकदमे दर्ज हैं।
वहीं अजय उर्फ मंगरू के खिलाफ चार संगीन मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें 2023 में खजनी में हत्या व लूट और 2024 में कैंट व बांसगांव में लूट के मामले शामिल हैं। एसपी साउथ ने बताया कि गैंग का फाइनेंसर चौरीचौरा का रहने वाला एक व्यक्ति है, जो पशु तस्करी के लिए धन की व्यवस्था करता था और उसी के नेटवर्क के जरिए पशुओं को बिहार तक भेजा जाता था। फाइनेंसर और अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


