
छात्र हत्याकांड का सातवां आरोपी पुलिस गिरफ्त में
Gorakhpur News - पिपराइच में 26 दिसंबर को छात्र सुधीर उर्फ भोला की दिनदहाड़े हत्या के मामले में पुलिस ने सातवें आरोपी विनय को गिरफ्तार किया। विनय ने मुख्य आरोपी को पिस्टल उपलब्ध कराई थी और हत्या की साजिश में उसकी अहम भूमिका थी। अन्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
पिपराइच, हिन्दुस्तान संवाद। कोआपरेटिव इंटर कॉलेज पिपराइच के खेल मैदान में 26 दिसंबर को दिनदहाड़े छात्र सुधीर उर्फ भोला की हत्या के मामले में पुलिस ने सातवें आरोपी विनय को मंगलवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार हत्याकांड की साजिश में विनय की अहम भूमिका थी और उसी ने मुख्य आरोपी को पिस्टल उपलब्ध कराई थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विनय पिपराइच नगर पंचायत के वार्ड नंबर एक मुड़ेरी गढ़वा का निवासी है। उसके खिलाफ पहले से लूट, हत्या का प्रयास, हत्या और गैंगस्टर एक्ट के कुल चार मुकदमे दर्ज हैं।
मंगलवार को पिपराइच थाना पुलिस ने चिलुआताल क्षेत्र के झुंगिया चुंगी के पास से उसे गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि सुधीर की हत्या कोई अचानक हुई घटना नहीं थी, बल्कि पूरी तरह सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दी गई थी। हत्या में प्रयुक्त अवैध 7.65 एमएम पिस्टल विनय द्वारा ही मुख्य आरोपी दयानंद उर्फ छोटू को उपलब्ध कराई गई थी। पुलिस पहले ही इस मामले में मुख्य आरोपी दयानंद उर्फ छोटू, ऋतिक उर्फ रोशन, उदय, दीपक, हिस्ट्रीशीटर पवन निवासी हरखापुर तथा एक नाबालिग को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मामले की विवेचना जारी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




