Gorakhpur News: पार्किंग विवाद में युवक को दौड़ाकर पीटा, प्रधान का बेटा गिरफ्तार
Gorakhpur News: गोरखपुर में पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। प्रधान सुनीता देवी के बेटे शनि यादव ने अपने साथियों के साथ अनूप शुक्ला को दौड़ाकर पीटा, जिससे वह बेहोश हो गए। पुलिस ने शनि यादव को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।

Gorakhpur News: गोरखपुर, प्रमुख संवाददाता। स्टेशन रोड गेट नंबर दो के पास पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि चौरीचौरा के आमकोल गांव की प्रधान सुनीता देवी के बेटे शनि यादव उर्फ सौरभ ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक को दौड़ाकर पीटा। युवक बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा। कैंट पुलिस ने रविवार सुबह प्रधान के बेटे शनि यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जमानत मिल गई। पुलिस ने उसकी स्कूटी सीज कर दी है। अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है। बेलीपार क्षेत्र के महाडीह निवासी अनूप शुक्ला के साथ 27 जुलाई की रात करीब 11 बजे स्टेशन रोड स्थित गेट नंबर दो के पास पार्किंग को लेकर शनि यादव उर्फ सौरभ से विवाद हुआ था।
विवाद बढ़ने पर शनि यादव ने अपने सहयोगी आकाश और दो अन्य साथियों को बुला कर अनूप को घेरकर मारपीट शुरू कर दी। अनूप ने भागने का प्रयास किया तो हमलावरों ने उसे दौड़ाकर लात-घूंसों से पीटा। अनूप बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए भेजा।कैंट थाना पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया था। जांच के दौरान शनि यादव उर्फ सौरभ की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने रविवार सुबह उसे गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे जमानत मिल गई। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


