ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश गोरखपुरविकास के आगे हारेगा विपक्ष का हर गठजोड़: पंकज सिंह

विकास के आगे हारेगा विपक्ष का हर गठजोड़: पंकज सिंह

भाजपा के प्रदेश महामंत्री और गोरखपुर क्षेत्र के प्रभारी पंकज सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के विकास के आगे विपक्ष का हर गठजोड़ हारेगा। 50 प्रतिशत से अधिक मतदाता भाजपा के पक्ष में हैं। लोकसभा...

विकास के आगे हारेगा विपक्ष का हर गठजोड़: पंकज सिंह
हिन्दुस्तान टीम,गोरखपुरThu, 31 Jan 2019 11:51 AM
ऐप पर पढ़ें

भाजपा के प्रदेश महामंत्री और गोरखपुर क्षेत्र के प्रभारी पंकज सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के विकास के आगे विपक्ष का हर गठजोड़ हारेगा। 50 प्रतिशत से अधिक मतदाता भाजपा के पक्ष में हैं। लोकसभा चुनाव में जनता के समर्थन से भाजपा दोबारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनाएगी।

कुशीनगर में आयोजित सेक्टर सम्मेलन में शामिल होकर गोरखपुर आए पंकज सिंह ने सर्किट हाउस में ‘हिन्दुस्तान से बातचीत में ये बातें कहीं। 23-24 फरवरी को फर्टिलाइजर मैदान पर आयोजित किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अधिवेशन और 24 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली के सिलसिले में 31 जनवरी को उन्होंने सर्किट हाउस में व्यवस्था से जुड़े सभी 24 विभागों के संयोजकों की बैठक बुलाई है। उन्होंने कहा कि सिर्फ और सिर्फ विकास को गति देना पार्टी की रणनीति है।

केंद्र सरकार ने पिछले साढ़े चार साल में देश के किसानों, मजदूरों, गरीबों, नौजवानों, छात्रों, महिलाओं, नौकरीपेशा, भूतपूर्व सैनिकों, व्यापारियों सहित समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए दिन-रात काम किया है। भाजपा का कर्म ही विपक्ष के हर सवाल का जवाब है। इससे फर्क नहीं पड़ता कि कौन सा विपक्षी दल चुनाव के तुरंत पहले किससे हाथ मिलाता है और कौन किसे लांच करता है। यह उनका आंतरिक मामला है। हमें इस पर कुछ नहीं कहना। मार्च तक के लिए पार्टी के कार्यक्रम तय हैं। हमें उन कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक चलाना है और हम इसमें जुटे हुए हैं। केंद्र की साढ़े चार साल और प्रदेश की करीब दो साल की सरकार के काम के चलते बड़ा बदलाव आया है। इससे भाजपा के पक्ष में उमड़े जनसमर्थन के सामने कोई नहीं टिकेगा।

उन्होंने सपा-बसपा-कांग्रेस पर जाति-मजहब के नाम पर राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि अब लोग सब समझते हैं। भाजपा सरकार ने बेघरों को आवास, शौचालय और गरीबों के लिए आयुष्मान योजना की शुरुआत की। सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं हैं। इनका लाभ सभी जाति-धर्म के लोगों को मिल रहा है। सबका साथ-सबका विकास, भाजपा का नारा ही नहीं, विश्वास भी है।

उचित समय पर योग्य उम्मीदवार

एक सवाल के जवाब में प्रदेश महामंत्री ने कहा कि पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व उचित समय पर हर क्षेत्र में योग्य उम्मीदवार देगा। पूरा भरोसा है कि जो भी उम्मीदवार तय होगा उसे अच्छी जीत हासिल होगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें