ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश गोरखपुरकेंद्रीय मंत्री अनन्त कुमार के निधन पर भाजपाइयों में फैला शोक

केंद्रीय मंत्री अनन्त कुमार के निधन पर भाजपाइयों में फैला शोक

केंद्रीय मंत्री अनन्त कुमार के निधन से गोरखपुर और आसपास के जिलों के भाजपाइयों में शोक फैल गया। उनसे जुड़े रहे कई नेता स्तब्ध रह गए। सोमवार सुबह से ही फेसबुक, ट्विटर और वाट्स एप पर उन्हें श्रद्धांजलि...

केंद्रीय मंत्री अनन्त कुमार के निधन पर भाजपाइयों में फैला शोक
हिन्दुस्तान टीम,गोरखपुरMon, 12 Nov 2018 10:37 PM
ऐप पर पढ़ें

केंद्रीय मंत्री अनन्त कुमार के निधन से गोरखपुर और आसपास के जिलों के भाजपाइयों में शोक फैल गया। उनसे जुड़े रहे कई नेता स्तब्ध रह गए। सोमवार सुबह से ही फेसबुक, ट्विटर और वाट्स एप पर उन्हें श्रद्धांजलि देते संदेश और तस्वीरें वायरल होने लगीं।

दोपहर में बेनीगंज स्थित पार्टी दफ्तर पर श्रद्धांजलि सभा कर नेताओं ने केंद्रीय मंत्री के निधन पर दु:ख जताया। क्षेत्रीय अध्यक्ष डा.धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि अनंत कुमार पार्टी के वरिष्ठ नेता बनने से पहले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कर्नाटक प्रांत के संगठन मंत्री रहे। 1996 से लगातार बंगलुरु दक्षिण से लोकसभा के सांसद रहे। केंद्रीय रसायन और उर्वरक तथा संसदीय कार्य मंत्री बने।

उन्होंने कहा कि बेदाग छवि के राष्ट्रीय नेता और केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार का मात्र 59 वर्ष की आयु में स्वर्गवास हो गया। यह खबर अत्यंत पीड़ादायक है। संगठन ने एक कुशल संगठनकर्ता और देश ने जुझारू नेतृत्व खो दिया है। सामान्य कार्यकर्ता से केंद्रीय मंत्री तक का सफर बिरले राजनीतिज्ञ ही तय कर पाते हैं। भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के सभी कार्यकर्ताओं की गहरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। उनके निधन से केंद्र सरकार, भाजपा संगठन और देश की राजनीति की अपूरणीय क्षति हुई है।

विधान परिषद सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ने कार्यालय को भेजे अपने शोक संदेश में कहा कि अनंत कुमार का शरीर शांत हो गया। स्थूल रूप में वह हमारे बीच नहीं रहे लेकिन उनका व्यक्तित्व और कृतित्व हमेशा मार्गदर्शन करता रहेगा। क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी बृजेश राम त्रिपाठी ने केंद्रीय मंत्री अनन्त कुमार को मृदुभाषी, सरल और सहज भाव के उच्च कोटि का राष्ट्रीय स्तर का नेता बताते हुए कहा कि उनकी मिलनसार छवि की छाप हमेशा ताजा रहेगी।

सभा के अंत में पार्टी नेताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत की आत्मा की शांति की प्रार्थना की। इस मौके पर मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी,महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव, क्षेत्रीय मंत्री विश्वजितांशु सिंह आशु,क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सत्येंद्र सिन्हा,क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी बृजेश राम त्रिपाठी,क्षेत्रीय विस्तारक प्रमुख श्रवण कुमार पांडेय, इंद्रजीत सिंह, कार्यालय मंत्री शिव सागर तिवारी, महानगर उपाध्यक्ष शशिकांत सिंह,महानगर मीडिया प्रभारी बृजेश मणि मिश्रा,महानगर मंत्री इंद्रमणि उपाध्याय, सूर्य प्रकाश शर्मा, शिवम पांडेय, अवनीश मणि त्रिपाठी, चंदन आर्या,रविंद्र गुप्ता, प्रशांत त्रिपाठी, संजय सिंह चिंटू और पवन चतुर्वेदी मौजूद थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें