एक नवंबर से शुरू होगी धान खरीद, 6600 किसान अब तक पंजीकृत
एक नवंबर से 91 खरीद केंद्रों पर धान की खरीद की जाएगी। रविवार और राज्यपत्रित अवकाश को छोड़ कर खरीद केंद्र प्रत्येक दिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खुले रहेंगे। धान की खरीद सिर्फ उन्ही किसानों से की...
एक नवंबर से 91 खरीद केंद्रों पर धान की खरीद की जाएगी। रविवार और राज्यपत्रित अवकाश को छोड़ कर खरीद केंद्र प्रत्येक दिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खुले रहेंगे। धान की खरीद सिर्फ उन्ही किसानों से की जाएगी जिन्होंने विभागीय पोर्टल पर अपना आनलाइन पंजीकरण कराया है। अब तक 6600 किसानों से पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराया है।
धान खरीद को सुचारू रूप से क्रियान्वित करने के लिए मंगलवार को दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के संवाद भवन में खरीफ विपणन वर्ष 2018-19 में न्यूनतम मूल्य समर्थन योजना के अन्तर्गत धान खरीद के लिए कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में प्रभारी अधिकारी धान खरीद एडीएम वित्त एवं राजस्व विधान जायसवाल ने सभी एजेसियों एवं केंद्र प्रभारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी धान क्रय केन्द्रो पर बैनर और वालपेन्टिंग होनी चाहिए। शिकायत टोल फ्री नम्बर 18001800150, केन्द्र प्रभारी, उप जिलाधिकारी, डिप्टी आरएमओ, क्रय एजेंसियो के जनपद स्तरीय अधिकारी के नाम और मोबाइल नम्बर, धान की गुण विनिर्दिष्टिया, सम्बंधित बैंक का नाम जहां से भुगतान होना है, सभी जरूरी सूचनाएं अवश्य प्रदर्शित होनी चाहिए। कार्यशाला में उप जिलाधिकारी, आरएफसी, डिप्टी आरएमओ एवं विभिन्न विभागो के सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहें।
98400 मीट्रिक टन है धान खरीद का लक्ष्य
कार्यशाला में बताया गया कि धान खरीद का लक्ष्य 98400 मीट्रिक टन है। शासन द्वारा धान का समर्थन मूल्य 1750 प्रति कुंतल निर्धारित है। कृषको को आरटीजीएस के माध्यम से धान के मूल्य का भुगतान 72 घण्टे के अन्दर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। किसी भी केन्द्र पर डिस्ट्रेस सेल की शिकायत नहीं आनी चाहिए। धान खरीद वर्ष 2018-19 में खाद्य विभाग के पोर्टल पर पंजीकृत एवं राजस्व विभाग द्वारा सत्यापित कृषको से ही धान क्रय किया जाएगा। अब तक कुल 6600 किसानो का पंजीकरण हुआ है। धान की बिक्री के लिए कृषक को खाद्य विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण कराना आवश्यक है। कार्यशाला में बताया गया कि मण्डी परिसर में स्थापित क्रय केन्द्र जनपद का कोई भी कृषक अपना धान विक्रय कर सकता है। क्रय केन्द्र पर सीधे किसानो से धान खरीद की जाएगी। सप्ताह में 2 दिन मंगलवार एवं शुक्रवार को सीमान्त कृषको से ही धान खरीद की जाएगी।
महिलाओं को वरीयता देते हुए धान क्रय होगा
यदि पंजीकृत कृषक महिला है। धान विक्रय केन्द्र पर आती है तो उसको वरीयता देते हुए धान क्रय किया जाएगा। क्रय केन्द्र प्रभारियो को निर्देश दिए गए कि वे कृषको से विनम्र व्यवहार करें। केन्द्र पर प्रतिदिन समय से उपस्थित रहें। एफसीआई के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे कोशिश करें की ट्रकों की लम्बी लाइन न लगानी पड़े। अधिकारियों को क्रय केंद्रों पर बोरे एवं धनराशि की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश हैं। उप जिलाधिकारी एफसीआई डिपो पर चावल उतार का अनुश्रवण करते रहेंगे जिससे डिपो पर इस कार्य में कोई समस्या न हो।