गोरखपुर में भी हैं जानलेवा खुले नाले, अटके हैं प्रस्ताव
Gorakhpur News - फोटो- -शहरी क्षेत्र में कई स्थानों पर नालों को ढकने का प्रस्ताव अधर में

गोरखपुर, निज संवाददाता। नोएडा में खुले नाले में गिरकर इंजीनियर की मौत होने की खबरों के बाद यहां शहरी क्षेत्र में खुले नालों से हो रहे हादसे के जोखिम पर चर्चा होने लगी है। कई ऐसे नाले हैं, जहां वर्षों से लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। इन खुले हुए नालों को ढकने के लिए शिकायतें बेअसर साबित हो रही हैं। जिम्मेदारों की ओर से जवाब दिया जा रहा है कि नालों को ढकने का प्रस्ताव भेजा गया है। बरसात में हुए जल भराव के दौरान शहर के तिवारीपुर में खुले नाले में डूबकर एक बच्ची की जान चली गई थी।
डोमिनगढ़ रेलवे स्टेशन के पीछे बसियाडीह नाला, दिलेजाकपुर-पुर्दिलपुर में शिशु ज्ञान मंदिर के पास गली में बने नाला एवं नीना थापा इंटर कॉलेज के पास नाला अधर में है। इन स्थानों पर आम नागरिक और जानवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं। ---- डोमिनगढ़ के पीछे है बसियाडीह नाला डोमिनगढ़ रेलवे स्टेशन के पीछे होते हुए हार्बर्ट बांध की ओर बहने वाला नाला खुला है। यहां मोड़ पर कई बार लोग गिरकर जख्मी हो चुके हैं। स्थानीय नागरिक कृष्ण मोहन गुप्ता ने बताया कि करीब 15 दिन पहले नाले में ट्रैक्टर-ट्राली गिर गई थी, जिसे बुल्डोजर से निकाला गया। गनीमत रहा कि ट्रैक्टर से उछलकर ड्राइवर दूर गिर गया और जान बच गई। इस नाले में कई बार जानवर गिर चुके हैं। दो दिन पहले जिलाधिकारी दीपक गुप्ता ने सड़क एवं नाले का निरीक्षण किया था, जबकि मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने बताया कि सड़क एवं नाले के निर्माण में सभी समस्याओं का समाधान करके कार्य कराया जाए। इस मामले में लोक निर्माण विभाग खंड-3 के अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि सड़क एवं नाला निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाया जा रहा है। दिलेजाकपुर-पुर्दिलपुर के नाले में गिरते हैं लोग दिलेजाकपुर एवं पुर्दिलपुर वार्ड की सीमा में बहने वाले शिशु ज्ञान मंदिर के पास वाली गली के नाले में आए दिन लोग गिर रहे हैं। सड़क पर जाम जैसी स्थिति होती है तो लोग उसी गली से होकर जाते हैं और अनियंत्रित होते ही मोड़ पर गिर जाते हैं। बाइक पर मीठा बंद बेचने वाले नागेंद्र जायसवाल ने बताया कि दो माह पहले वह बाइक सहित नाले गिर गए थे। उन्हें हल्की चोट आई, जबकि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।इसी वार्ड के इंजीनियर सौरव श्रीवास्तव ने बताया कि एक माह पहले एक स्कूटी सवार युवती नाले में गिर गई थी। दिलेजाकपुर के पार्षद प्रतिनिधि सौरव तिवारी ने बताया कि नाले को ढकने के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है। यह नाला उनकी प्राथमिकता में है। इस पर पुर्दिलपुर के पार्षद मनु जायसवाल से भी बात हुई है। ---- सीएम योगी ने डेढ़ साल पहले दिया निर्देश, फिर भी अधूरा नीना थापा पुलिस चौकी के सामने से झरना टोला के रामलीला मैदान सड़क के किनारे नाला निर्माण अधूरा है। इसमें आए दिन जानवर और लोग गिरते रहते हैं। नीना थापा इंटर कॉलेज के ग्राउंड पर डेढ़ साल पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्कालीन जिलाधिकारी एवं वर्तमान नगर आयुक्त को निर्देश दिया था कि नाला ढक दिया जाए, लेकिन अब तक नाले का निर्माण पूरा नहीं हुआ। झरना टोला के पार्षद प्रतिनिधि रामनाथ निषाद ने बताया कि 600 मीटर नाला निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया है। बजट मिलने पर कार्य कराया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


