ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश गोरखपुरआठ रुपये किलो पहुंचा प्याज का भाव, आलू की आधी रह गई कीमत 

आठ रुपये किलो पहुंचा प्याज का भाव, आलू की आधी रह गई कीमत 

सर्दी के महीनों में लोगों के आंखों से आंसू निकाल रही प्याज की कीमत अब आठ से नौ रुपये किलो तक पहुंच गई है। 2 साल बाद यह मौका आया है जब प्याज की कीमत एक अंक में रह गई है। उधर, आलू का दाम स्थिर बना हुआ...

आठ रुपये किलो पहुंचा प्याज का भाव, आलू की आधी रह गई कीमत 
मुख्‍य संवाददाता ,गोरखपुर Tue, 19 May 2020 08:32 PM
ऐप पर पढ़ें

सर्दी के महीनों में लोगों के आंखों से आंसू निकाल रही प्याज की कीमत अब आठ से नौ रुपये किलो तक पहुंच गई है। 2 साल बाद यह मौका आया है जब प्याज की कीमत एक अंक में रह गई है। उधर, आलू का दाम स्थिर बना हुआ है। करीब चार साल बाद यह मौका आया है कि एक किलो आलू की कीमत में दो किलो प्याज़ बिक रही है। 

दिसम्बर 2019 में प्याज थोक में 100 रुपये किलो तक जबकि खुदरा में 140-160 रुपये किलो तक बिकी थी। जनवरी में भी प्याज घरों में किचन का बजट बिगाड़ती रही। फ़रवरी महीने में भी प्याज 40 रुपये किलो तक मंडी में बिकी। फरवरी महीने में देश भर में पर्याप्त उत्पादन व आपूर्ति के बाद रेट में कमी आनी शुरू हुई। 

पांच वर्षों में कब-कब न्यूनतम स्तर पर पहुंची प्याज
1 नवम्बर 2016 को मंडी में प्याज 4.50 रुपये किलो बिकी थी। जो उस वर्ष का सबसे कम मूल्य था। इसी तरह सितम्बर 2017 में 7-7.50 रुपये किलो, मार्च 2018 में 6 रुपये किलो तथा जनवरी 2019 में 12.50 रुपये किलो प्याज बिकी थी। 

क्यों गिरी प्याज की कीमत
अक्टूबर-नवम्बर महीने से ही प्याज की कीमतों में उछाल आनी शुरू हुई थी। इसे देखते हुए इस बार किसानों ने प्याज का जबर्दस्त उत्पादन किया। लेकिन लॉकडाउन के कारण होटल, रेस्तरां, ठेला, मांगलिक कार्यक्रम, पार्टियां, नॉनवेज की बिक्री पर रोक लग गई। आपूर्ति अधिक लेकिन मांग कम होने के कारण रेट में लगातार कमी दर्ज की जा रही है। बाजार के जानकारों की मानें तो प्याज की कीमत में और अधिक गिरावट आ सकती है। सस्ती होने के कारण इस समय सतना व शाहजहांपुर से ही प्याज आ रही है। 

लेकिन आलू अभी भी लाल 
आलू के दाम में इस पूरे वर्ष कोई खास उतार-चढ़ाव नहीं दिखा है। इस दौरान लोकल आलू बाजार में आया और खत्म भी हो गया। अब कोल्ड स्टोरेज से आलू निकल रहा है। ऐसे में बाजार में यह धारणा बन रही है कि इस वर्ष आलू और लाल होगा। क्योंकि सामान्य तौर पर अप्रैल-मई में आलू सबसे सस्ता होता है। बताते हैं कि इस वर्ष कई बार हुई बारिश के कारण आलू की पैदावार अच्छी नहीं हुई। जिसके कारण मंडी में लोकल आलू की आवक बेहद कम रही।

मंडी में मंगलवार को आलू और प्याज की कीमत प्रति किलो
सब्जी                                मूल्य 
लाल आलू                 18.50-19.50 रु. 
सफेद आलू                16.50-17.50 रु.

प्याज सतना की             8-8.50 रु. 
प्याज शाहजहांपुर की      9-9.50 रु. 

इस वर्ष हर जगह प्याज की अच्छी पैदावार हुई है। मंडी में भी पर्याप्त मात्रा में प्याज पहुंच रही है। बारिश के कारण आलू की पैदावार कम हुई है। इसलिए आलू महंगा है। 

फिरोज अहमद राईन
महामंत्री, फल-सब्जी विक्रेता एसोसिएशन, महेवा मंडी

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें