बेटा युवती को लेकर फरार, बुजुर्ग पिता का गुलरिहा में नाले में मिला शव
Gorakhpur News - गोरखपुर के चित्रकूट टोला के पास चौरहिया नाले में एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला है। मृतक राजाराम की पहचान हुई है। परिवार में तनाव और एक बेटे के फरार होने की चर्चा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

गोरखपुर।वरिष्ठ संवाददाता गुलरिहा थाना क्षेत्र के चित्रकूट टोला के पास चौरहिया नाला में शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय राजाराम निवासी जंगल डुमरी नंबर एक, नारायण टोला के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि राजाराम का घर घटनास्थल से करीब 500 मीटर की दूरी पर है। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे स्थानीय लोगों ने नाले में उतराता हुआ शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहचान के बाद शव को मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी भिजवा दिया, जहां पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
परिजनों के अनुसार, राजाराम मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके चार बेटियां और दो बेटे हैं। चर्चा है कि उनका एक बेटा इलाके की ही एक युवती को लेकर फरार है, जिसके बाद से परिवार तनाव में था। बताया जा रहा है कि लड़की पक्ष की ओर से दबाव भी बनाया जा रहा था। इसी कारण राजाराम परिवार समेत घर पर ताला लगाकर कहीं चले गए थे। बीते 24 घंटे से घर बंद था। घटना के बाद पुलिस ने परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


