गोरखपुर के ममता की बाराबंकी में हत्या, लखनऊ में पति के साथ रहती थी
Gorakhpur News - गोरखपुर के शाहपुर इलाके में ममता यादव की हत्या के बाद शोक का माहौल है। ममता की शादी इसी वर्ष 16 अप्रैल को हुई थी। शादी के कुछ समय बाद उसकी मां की तबीयत खराब हो गई थी। ममता की विदाई 11 नवंबर को हुई थी, लेकिन बाराबंकी में उसकी हत्या की सूचना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
गोरखपुर। वरिष्ठ संवाददाता बाराबंकी में हुई ममता यादव की हत्या के बाद गोरखपुर के शाहपुर इलाके में स्थित उसके घर पर शोक का माहौल है। ममता यादव का मायका शाहपुर थाना क्षेत्र के इंद्रप्रस्थपुरम कॉलोनी में है। उसके पिता रामकिशोर यादव मोबाइल का कारोबार करते हैं और मूल रूप से हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के निवासी हैं। परिजनों के अनुसार ममता की शादी इसी वर्ष 16 अप्रैल को शाहपुर के संगम चौराहा स्थित शारदा मैरिज हॉल में लखनऊ के हंसखेड़ा निवासी शिवेंद्र यादव के साथ हुई थी। विवाह के बाद विदाई के कुछ समय बाद ममता की मां तारा देवी की तबीयत गंभीर रूप से खराब हो गई थी, जिसके चलते ममता एक महीने बाद मायके आ गई थी।
मां की लंबे समय से बीमारी के कारण वह बेड पर ही हैं। परिवार वालों ने बताया कि 11 नवंबर को ममता की विदाई दोबारा कर उसे ससुराल लखनऊ भेजा गया था। इसके बाद बाराबंकी में उसकी हत्या की सूचना मिलने से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। ममता दो भाइयों में सबसे बड़ी थी और उसने दिग्विजय नाथ पीजी कॉलेज, गोरखपुर से स्नातक की पढ़ाई पूरी की थी। वहीं उसका पति शिवेंद्र यादव मूल रूप से संतकबीरनगर जिले के करौली गांव का रहने वाला है। बी-टेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह अपने पिता के साथ लखनऊ में रह रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मायके में कोहराम मच गया। परिजन लगातार रो-रोकर बदहवास हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और परिजन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




