400 मीटर सड़क में 300 से अधिक गड्ढे, हिचकोले खाती हैं गाड़ियां
गोरखपुर। मुख्य संवाददाता शक्तिनगर वार्ड में साहित्यकार प्रो रामदेव शुक्ल के आवास के...
गोरखपुर। मुख्य संवाददाता
शक्तिनगर वार्ड में साहित्यकार प्रो रामदेव शुक्ल के आवास के सामने से होकर फातिमा अस्पताल रोड पर निकलने वाली सड़क इन दिनों काफी व्यस्त है। खजांची चौराहे पर रास्ता ब्लाक होने के चलते कार और दो पहिया वाहन इसी रास्ते से गुजर रहे हैं। करीब 400 मीटर लंबे सड़क पर 300 से अधिक गड्ढे हैं। बारिश में सड़क और भी टूट गई है।
आपके अपने अखबार हिन्दुस्तान से शनिवार को जोन 10 की सड़कों को हाल जाना। प्रोफेसर रामदेव शुक्ला की सड़क से रोज गुजरने वाले शिक्षक दिनेश त्रिपाठी का कहना है कि इस सड़क के अलावा राप्ती नगर की तरफ जाने का दूसरा विकल्प नहीं है। सड़क पर गड्ढे तो हैं ही, गाड़ियों के चलते रास्ता भी जाम रहता है।
स्थानीय निवासी महेन्द्र सिंह का कहना है कि धूल के चलते पूरा मकान गंदा हो गया है। घर के अंदर भी रहना दूभर हो गया है। पूर्व पार्षद आलोक सिंह विशेन ने बताया कि मेडिकल रोड से होकर फातिमा की तरफ जाने वाली गली समेत तीन अन्य गलियां त्वरित योजना में स्वीकृत हैं। इनका निर्माण डेढ़ करोड़ की लागत से हो रहा है। गलियों का निर्माण हो गया है।
मुख्य गली खाजांची चौराहा ब्लाक होने के चलते व्यस्त है इसलिए ठेकेदार नहीं बना रहा है। जोन 10 में वार्ड संख्या 12 अशोकनगर, 34 विश्वकर्मानगर, 36 लोहियानगर, 40 कृष्णानगर, 43 शाहपुर, 46 शक्तिनगर, 53 रामजानकीनगर एवं 64 विष्णुपुरम वार्ड आते हैं।
हड़हवा फाटक से बौलिया मार्ग भी जर्जर
विश्वकर्मापुरम की हड़हवा फाटक से बौलिया मार्ग 6 साल पहले डामर से बना लेकिन अब सड़क के बजाए सिर्फ गढ्डे दिखते हैं। स्थानीय लोग कहते हैं कि कई बार रिक्शा पलटने से लोग घायल हो गए लेकिन स्थानीय पार्षद ध्यान नहीं देते। उधर कृष्णानगर में निमंत्रण गली से एसपी सिंह के घर तक की पिछले साल ही बनी डामर सड़क चलने योग्य नहीं है।
800 मीटर लम्बाई की सड़क को स्थानीय नागरिक सीसी चाहते हैं। पार्षद दिनेश कुमार स्वीकर करते हैं कि सेंट्रल बैंक से मॉडल हार्ट स्कूल मार्ग भी इंटरलाकिंग है लेकिन काफी क्षतिग्रस्त है। इसके अलावा मल्ल आवास से राजेंद्र गुप्ता के आवास तक की इंटरलाकिंग से बनी 15 साल पुरानी सड़क की मरम्मत भी जरूरी है।
मुख्य सड़कें तो ठीक लेकिन गलियों में हालत खराब
रामजानकीनगर में मोतीपोखरा में एल्युमिनियम फैक्टरी से मोतीपोखरा तक की 120 मीटर लम्बी सड़क में सिर्फ गड्डे ही गड्ढे दिखते हैं। डामर की इस सड़क में सिर्फ धूल दिखती है। स्थानीय नागरिक इसे सीसी बनाने की मांग कर रहे हैं। शाहपुरवार्ड और लोहियानगर की मुख्य सड़के तो ठीक हैं लेकिन गलियों में काफी दिक्कतें हैं। लोगों को उम्मीद है कि उनके पार्षद अपने वादों पर खरा उतरेंगे और गलियों की सड़के भी जलनिकासी के इंतजाम के साथ सीसी बनाई जाएंगी।
‘‘गली पर बड़ी आबादी की निर्भरता है। सड़क निर्माण शुरू हो तो बड़ी आबादी प्रभावित हो रही है। खजांची पर आवागमन धीरे-धीरे शुरू हो रहा है। अधिकारियों से वार्ता हुई है। जल्द गली का निर्माण कार्य शुरू होगा।
आशा श्रीवास्तव, पार्षद, शक्ति नगर
‘‘दस नम्बर जोन के सभी वार्डो से पार्षदों ने डूडा और त्वरित योजना के अंतर्गत सड़कों के प्रस्ताव दिए हैं। इन प्रस्ताव पर शीघ्र ही काम शुरू किया जाएगा। इसके अलावा क्षतिग्रस्त सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का अभियान जारी है।
सुनील मिश्रा, सहायक नगर आयुक्त जोन प्रभारी 10
