लापता मोहद्दीपुर के युवक की तीसरे दिन रामगढ़झील में मिली लाश
गोरखपुर में चार दिन से लापता युवक रोहित साहनी का शव रामगढ़ताल में मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, हालांकि पोस्टमार्टम में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है। युवक की पत्नी ने रिश्तेदार पर हत्या का शक जताया है। परिवार में शोक का माहौल है।

गोरखपुर, प्रमुख संवाददाता। चार दिन से घर से लापता युवक का शव रामगढ़झाल रिंग रोड के किनारे ताल में मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के घरवालों ने हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की डूबने से मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस के अनुसार, रोहित साहनी मोहद्दीपुर का निवासी था और घर पर सिलाई का काम करता था। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि जांच में सामने आया है कि रोहित दिन दिन पहले घर से निकला था। शनिवार सुबह टहलने निकले लोगों ने रामगढ़ताल में एक शव उतराता देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को बाहर निकालवाकर पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया। इसी दौरान कैंट थाने पहुंची मोहद्दीपुर के तुर्कलानी टोला निवासी पिंकी साहनी ने अपने पति के लापता होने की सूचना दी। पुलिस उन्हें मोर्चरी ले गई, जहां उन्होंने शव की पहचान पति रोहित साहनी के रूप में की। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है。
दो बच्चों का पिता था रोहित
रोहित के दो बेटे हैं। पत्नी पिंकी ने बताया कि गुरुवार शाम किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई थी। इसके बाद रोहित घर से नाराज होकर निकल गए थे। इसके बाद उनका मोबाइल भी बंद हो गया। परिवार और रिश्तेदार लगातार उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
हत्या की आशंका, रिश्तेदार पर आरोप
पत्नी पिंकी ने पति की मौत के पीछे एक रिश्तेदार का हाथ होने की बात कही है। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। कैंट थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि शव पुराना लग रहा है। शरीर पर किसी के चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी डूबने से मौत की पुष्टि हुई है। फिर भी पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


