ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश गोरखपुरमहापौर के प्रत्याशियों ने परिजनों एवं दोस्तो के बीच गुजारा वक्त

महापौर के प्रत्याशियों ने परिजनों एवं दोस्तो के बीच गुजारा वक्त

‘हिन्दुस्तान’ ने गुरुवार को भाजपा महापौर प्रत्याशी सीताराम जायसवाल, सपा प्रत्याशी राहुल गुप्ता, बसपा प्रत्याशी हरेंद्र यादव और कांग्रेस महापौर प्रत्याशी राकेश यादव के आवासों पर जाकर वहां...

महापौर के प्रत्याशियों ने परिजनों एवं दोस्तो के बीच गुजारा वक्त
मुख्य संवाददाता, गोरखपुरFri, 24 Nov 2017 09:11 AM
ऐप पर पढ़ें

‘हिन्दुस्तान’ ने गुरुवार को भाजपा महापौर प्रत्याशी सीताराम जायसवाल, सपा प्रत्याशी राहुल गुप्ता, बसपा प्रत्याशी हरेंद्र यादव और कांग्रेस महापौर प्रत्याशी राकेश यादव के आवासों पर जाकर वहां की गतिविधियां जानी। इनमें से कोई आराम फरमाता मिला तो कोई कार्यकर्ताओं से मतदान की गुणा-गणित पर चर्चाएं करते। बातचीत में इन चारो प्रत्याशियों ने अपनी जीत पक्की बताई। दूसरे स्थान पर कौन रहेगा, यह कहने से सभी बचे। भाजपा प्रत्याशी ने सुशासन पर वोट मिलने की बात कही तो सपा प्रत्याशी ने अखिलेश सरकार के विकास कार्य पर भरोसा जताया। बसपा प्रत्याशी ने अपने नेता के जनाधार और कार्यकर्ताओं की मेहनत को आगे रखा। कांग्रेस प्रत्याशी ने पूर्व मुख्यमंत्री वीर बहादुर सिंह के विकास कार्य और उनकी सोच तथा पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की मेहनत को वोट मिलने का श्रेय दिया।  

सीताराम जायसवाल
महापौर प्रत्याशी, भाजपा
समय : 12 बजे
दिन : गुरुवार
स्थान : मिर्जापुर 


सीताराम जायसवाल मकान के सामने छोटे से लान में समर्थकों के साथ बैठे थे। बुधवार को हुए मतदान पर समर्थक अपनी-अपनी बात और अपना-अपना तर्क रख रहे थे। ‘हिन्दुस्तान’ से बातचीत में उन्होंने कहा कि मेरी जीत पक्की है। महापौर पद के अन्य प्रत्याशी मुझसे काफी पीछे रहेंगे। भाजपा के 50 पार्षद भी जीत रहे हैं। बोर्ड भाजपा की बनेगी। जनता ने भाजपा के पक्ष में मतदान किया है। मेरी कोशिश होगी कि भाजपा का बोर्ड गठित होने के बाद नगर निगम के विकास के लिए हर सम्भव प्रयास करूं। गोरखपुर में बेहतर काम कराऊं ताकि अपना नगर निगम स्मार्ट सिटी में शामिल हो जाए। 

राहुल गुप्ता
महापौर प्रत्याशी, सपा
समय : 02 बजे
दिन : गुरुवार
स्थान : धर्मशाला बाजार 


महापौर प्रत्याशी राहुल गुप्ता आराम फरमा रहे थे। पूर्व पार्षद और पार्षद प्रत्याशी उनकी मां राजकुमार देवी कुछ समर्थकों के साथ बैठकर चुनाव पर चर्चा कर रही थीं। जीबी सिंह और कैलाश प्रसाद से वह जीत-हार की गणित पर चर्चा कर रही थीं। ‘हिन्दुस्तान’ ने उनसे बात की। उन्होंने कहा कि मैं अपने बेटे की जीत पर आश्वास्त हूं। जनता ने सपा के पक्ष में मतदान किया है। हालाकि कुछ जगहों से रिपोर्ट आ रही है कि भाजपा के पक्ष में गोलमाल किया गया है। ईवीएम की शिकायत आ रही है। कुछ भी हो, जीत सपा की ही होगी। मुझे विश्वास है कि इस बार जनता ने अखिलेश सरकार के विकास को याद किया है।

हरेंद्र यादव
महापौर प्रत्याशी, बसपा 
समय : 11 बजे
दिन : गुरुवार
स्थान : रानीडीहा स्थित आवास


बसपा महापौर प्रत्याशी हरेंद्र यादव अपने दरवाजे पर बैठे थे। कुछ समर्थक भी उनके आस-पास थे। चुनावी परिणाम कैसा होगा! कार्यकर्ताओं से इसकी गुणा-गणित समझ रहे थे। ‘हिन्दुस्तान’ ने उनसे बातचीत की। उन्होंने कहा कि मैं लगातार काम करने वालों में से हूं। मुझे थकान कहां लगती जिसे मिटाऊं। बसपा के लिए काम करता रहा हूं। चुनाव लड़ने का मौका मिला तो लड़ा। मेरी जीत पक्की है। मेरी लड़ाई में कोई आस-पास भी नहीं है। आज भाई की शादी है। शाम को बारात निकलेगी। मतदान के बाद घर लौटा। रात में भाई की हल्दी थी जिसमें शामिल हुआ। अब बारात की तैयारी में हूं। 

राकेश यादव
महापौर प्रत्याशी, कांग्रेस 
समय : 01 बजे
दिन : गुरुवार
स्थान :  बड़े काजीपुर 


काग्रेस प्रत्याशी राकेश यादव आवास पर बैठे कार्यकर्ताओं से गुफ्तगू कर रहे थे। कार्यकर्ता बूथवार रिपोर्ट दे रहे थे। कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेने के बाद राकेश ने कांग्रेस नेत्री तलत अजीज, शैलेश उपाध्याय व अजय सोनकर के साथ एक घंटे तक समीक्षा की। ‘हिन्दुस्ता” से उन्होंने बातचीत की। बोले मेरे लिए चुनाव में जीत हार के मायने नहीं रखता। हां जनता से जो प्यार व सहयोग मिला है, उसके लिए अभिभूत हूं। मैं आगे भी कोशिश करूंगा कि लोगों के भरोसे पर खरा उरता रहूं। मतदान और उसके बाद इवीएम की रखरखाव के लिए बने स्ट्रांग रूम में बदइंतजामी है। मेरी नजर में इंतजाम बेहद लचर हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें