Gorakhpur News: दहेज में बाइक न मिलने पर विवाहिता से मारपीट का आरोप
Gorakhpur News: थाना क्षेत्र के महतौपार (नेवादा) गांव की विवाहिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों पर दहेज में मोटरसाइकिल की मांग पूरी न होने पर मारपीट और प्रताड़

Gorakhpur News: बड़हलगंज, हिन्दुस्तान संवाद। थाना क्षेत्र के महतौपार (नेवादा) गांव की विवाहिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों पर दहेज में मोटरसाइकिल की मांग पूरी न होने पर मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने बड़हलगंज थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। पुलिस को दी तहरीर में महतौपार निवासी गुड़िया ने बताया कि उसका विवाह करीब तीन वर्ष पहले हिंदू रीति-रिवाज से अरविंद के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ माह बाद ही पति, सास, ससुर और भसुर उसे दहेज के लिए परेशान करने लगे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी।
महिला की 16 माह की बेटी है। गुड़िया का आरोप है कि पति मायके से दोपहिया वाहन की मांग पूरी कराने के लिए उस पर दबाव बनाता था। मायके की आर्थिक स्थिति कमजोर होने और बाइक देने में असमर्थता जताने पर कथित तौर पर उसके हाथ-पैर रस्सी से बांधकर मारपीट की गई। विरोध करने पर लात-घूंसों से पीटने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। महिला के मुताबिक, वह करीब सात माह से बड़हलगंज थाना क्षेत्र के बैरियाडीह में रह रही है। उसने पति और ससुराल पक्ष के लोगों से जान का खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा देने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


