
सीएम योगी कल बाबा गोरखनाथ को अर्पित करेंगे खिचड़ी
Gorakhpur News - - मकर संक्रांति पर गोरखनाथ मंदिर में उमड़ेगा आस्था का सैलाब - खिचड़ी मेले की
गोरखपुर, निज संवाददाता। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार तड़के ब्रह्म मुहूर्त में शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ को लोक आस्था की खिचड़ी अर्पित करेंगे। साथ ही वे समूचे जनमानस की सुख-समृद्धि और कल्याण की मंगलकामना करेंगे। नाथपंथ की यह विशिष्ट और ऐतिहासिक परंपरा सदियों से आस्था का केंद्र रही है। बाबा गोरखनाथ को खिचड़ी चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब मंगलवार रात से ही गोरखपुर पहुंचने लगा है। बड़ी संख्या में भक्त मंदिर परिसर और आसपास डेरा डाले हुए हैं। बुधवार 14 जनवरी को भी दिनभर श्रद्धालु खिचड़ी चढ़ाएंगे, जबकि गुरुवार को मकर संक्रांति के दिन मंदिर क्षेत्र आस्था के जनसमुद्र में बदल जाएगा।
उत्तर प्रदेश, बिहार, देश के अन्य राज्यों के साथ-साथ पड़ोसी देश नेपाल से भी लाखों श्रद्धालु बाबा के दरबार में हाजिरी लगाएंगे। मान्यता है कि गुरु गोरखनाथ को खिचड़ी चढ़ाकर सच्चे मन से मांगी गई मन्नत जरूर पूरी होती है। सूर्यदेव के उत्तरायण होने पर खिचड़ी चढ़ाने की यह परंपरा पूरी तरह लोक आस्था से जुड़ी है। गुरुवार भोर में सबसे पहले गोरक्षपीठ की ओर से योगी आदित्यनाथ खिचड़ी अर्पित करेंगे, इसके बाद मंदिर के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। खिचड़ी महापर्व को लेकर मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश और ठहरने की पूरी व्यवस्था की गई है। मंदिर और मेला परिसर सतरंगी रोशनी से जगमगा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं सभी व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। …............ 15 जनवरी को गोरखनाथ मंदिर सहित पूरे शहर में मकर संक्रांति का पर्व मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 15 जनवरी को ब्रह्म मुहूर्त में सुबह 3:42 बजे बाबा गोरखनाथ के चरणों में खिचड़ी अर्पित करेंगे। - डॉ. प्रदीप कुमार राव

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




