
सूची में मृतकों के नाम, नहीं बढ़े नए मतदाता
Gorakhpur News - सहजनवा तहसील के गांवों में मतदाता सूची में कई खामियां पाई गई हैं। 359 गांवों में से अधिकांश ने शिकायतें दर्ज कराई हैं, जिसमें बीएलओ पर नए मतदाताओं के नाम ना जोड़ने और मृतकों के नाम हटाने का आरोप लगाया गया है। पाली और पिपरौली ब्लाक में विशेष रूप से शिकायतें बढ़ रही हैं।
सहजनवा, हिन्दुस्तान संवाद। तहसील के गांवों में मतदाता सूची में खामियां ही खामियां नजर आ रही हैं। तहसील के 359 गांवों में शायद ही कोई गांव जहां मतदाता सूची को लेकर शिकायत नहीं मिल रही हो। सहजनवा, पाली और पिपरौली ब्लाक के गांवों में अब तक दो दर्जन से अधिक शिकायतें मिल चुकी हैं। इसमें सबसे अधिक आरोप बीएलओ पर लगाए जा रहे है। आरोप लग रहे है कि बूथ लेबल अफसर ने नए मतदाताओं का नाम नहीं बढ़ाया और मृतकों के नाम भी नहीं काटे, जिससे सूची में केवल कमियां दिख रही हैं। सहजनवा तहसील में पंचायत चुनाव को लेकर मतदाता सूची जारी होते ही शिकायतें शुरू हो गईं हैं।
पाली ब्लाक के भुआ शहीद व मइला में जिम्मेदारों ने ना तो नए नामों को जोड़े और ना ही मृतकों के नाम को ही मतदाता सूची से हटाया गया है। पाली ब्लाक के ग्राम पंचायत भुआ शहीद व मइला में में पंचायत चुनाव के मतदाता सूची में खामियां दिख रही हैं, जिसको लेकर शिकायत की गई है। सूची में करीब 90 मृत लोगों का नाम शामिल है। इसमें पेज संख्या क्रमांक संख्य तीन पर कुमारी देवी, 22 नंबर पर कमला, क्रम संख्या 26 राजेश, 52 पर प्रभावती तथा 92 कलंदर की मृत्यु हो चुकी है। साथ ही सूची के पेज संख्या तीन पर क्रम संख्या 97, 98, 99, 100, 116, 126, 139, 178 पर मृतकों का नाम दर्ज है। इसके अलावा गुड़िया पुत्री बेचन, नेहा पुत्री राजेश, देवेश पुत्र संतोष, सन्नी देवल पुत्र मनोज, प्रतिभा पुत्री तीर्थराज, शुभम, श्वेता सुरेश सिंह, शिवांगी, सुदामा सिंह, सत्यम, रमेश सिंह आदि लोगों का फार्म छह भर कर नया नाम मतदाता सूची में जुड़ने के लिए जमा किया गया था। लेकिन नाम तो नए नाम बढ़ाए और ना ही मृतकों के नाम को काटा गया है। यही हाल के डुमरी नेवास गांव में भी देखने को मिल रहा है। ग्राम प्रधान निशु त्रिपाठी ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर मृतकों का नाम नहीं काटे जाने और नए लोगों का सूची में नाम नहीं दर्ज करने की शिकायत की है। पिपरौली ब्लाक के बनौड़ा निवासी कुंदन सिंह पुत्र रामेश्वर सिंह ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर बीएलओ पर 150 मतदाताओं के नाम शामिल नहीं करने का आरोप लगाया है। साथ ही बेतउवा उर्फ चनऊ, कटाई टीकर आदि गांवों में मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर शिकायत अधिकारियों के पास पहुंची है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




