
चार अज्ञात बदमाशों पर लूट का मुकदमा, एडीजी व डीआईजी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
Gorakhpur News - गोरखपुर के रजही इलाके में रिटायर्ड लेखपाल बालेंद्र सिंह के घर में चार अज्ञात बदमाशों ने लूट की। बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर करीब 80 लाख रुपये के गहने और 4 लाख रुपये नकद लूट लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
गोरखपुर। रजही इलाके में रिटायर्ड लेखपाल बालेंद्र सिंह के घर हुई बड़ी लूट की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है। चार अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर बालेंद्र सिंह और उनके परिवार के सदस्यों को बंधक बना लिया और करीब 80 लाख रुपये के गहने व चार लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एडीजी जोन और डीआईजी ने मंगलवार की दोपहर में मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पीड़ित बालेंद्र सिंह से पूरी घटना की जानकारी ली और पुलिस अधिकारियों को शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस टीमों को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने, संदिग्धों की पहचान करने और तकनीकी साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए गए। बताया गया कि बदमाश सुनियोजित तरीके से घर में दाखिल हुए थे। उन्होंने पिस्टल के बल पर परिवार के सभी सदस्यों को एक जगह बंधक बना लिया और अलमारियों व अन्य स्थानों से जेवरात और नकदी समेट ली। लूटपाट के दौरान बदमाशों ने विरोध करने पर धमकी भी दी, जिससे पूरा परिवार दहशत में रहा। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह पेशेवर गिरोह की करतूत लग रही है। मामले की जांच के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और आसपास के इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




