राप्ती तट पर आस्था का सैलाब, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लगाई पावन डुबकी
Gorakhpur News - गोरखपुर में राप्ती तट पर रविवार को माघ माह का प्रमुख मौनी अमावस्या का महास्नान श्रद्धा के साथ सम्पन्न हुआ। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने श्रीराम घाट और श्री गोरक्ष घाट पर स्नान कर दान पुण्य किया। हालांकि, नगर निगम की सफाई व्यवस्था की कमी और अलाव के अभाव के बावजूद श्रद्धालुओं में उत्साह बना रहा।
राप्ती तट पर रविवार को माघ माह का तीसरा और सबसे प्रमुख मौनी अमावस्या का महास्नान श्रद्धा एवं उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने श्रीराम घाट, श्री गोरक्षघाट पर राप्ती नदी में स्नान कर दान पुण्य किया। राप्ती तट पर उदित होते भगवान सूर्य, गंगा मॉ और भगवान शिव की आराधाना की। रविवार की अलसुबह कोहरे में ही श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हुआ जो सुबह 10 बजे तक जारी रहा।
सिर पर गठरी लादे हुए लोग श्रीराम घाट और श्री गोरक्ष घाट पर पहुंच रहे थे। हालांकि यहां नगर निगम की ओर से साफ सफाई का अभाव दिखा। या यूं कहें कि कोई तैयारी ही नहीं की गई थी। नगर निगम का सारा ध्यान मंकर संक्रांति मेला और गोरखपुर महोत्सव मेला पर ही था। हालांकि नगर निगम की स्वच्छ जागरूकता वाली टीम पहुंची थी जो श्रद्धालुओं को नदी तट पर गंदगी न करने के लिए जागरूक कर रहे थे।
राप्ती तट पर श्रद्धालुओं के लिए अलाव का इंतजाम भी नहीं था। कुछ श्रद्धालुओं ने श्री गोरक्षघाट पर बिकने वाली लकड़ियां खरीद कर अलाव का इंतजाम किया था। दोनों ही घाट स्थानीय दुकानदार चाय, पकौड़ी और गर्मागर्म जलेबी आदि की दुकानें लगाए थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




