बीएसए के आवास पर ताला, साथी शिक्षकों का बयान दर्ज
Gorakhpur News - शिक्षक सुसाइड प्रकरण -पुलिस ने सुसाइड में लिखे आरोपों की बयान के आधार पर पुष्टि

गोरखपुर, वरिष्ठ संवाददाता। गुलरिहा थाना क्षेत्र के शिवपुर, सहबाजगंज निवासी शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। गुरुवार को पुलिस ने सह-शिक्षक अपर्णा तिवारी और ओंकार सिंह के बयान दर्ज किए। पूछताछ में घटना की तारीख, कथित रुपयों के लेनदेन और सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों के संबंध में जानकारी ली गई। वहीं बीएसए के आवास पर ताला बंद होने से उनकी तलाश में गई टीम लौट आई। पुलिस को जो सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, तीनों शिक्षकों की उपस्थिति बीएसए कार्यालय में पाई गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों शिक्षकों ने बयान में कहा कि कृष्ण मोहन सिंह द्वारा देवरिया की बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव और बाबू संजीव सिंह पर लगाए गए सभी आरोप सही हैं।
उन्होंने बताया कि किस तरह से वे लोग कोर्ट के आदेश को लेकर परेशान हो रहे थे। उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। बार-बार उन्हें चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। घटना से पहले बीएसए कार्यालय में ऐसा क्या हुआ था, जिससे कृष्ण मोहन सिंह अवसाद में आ गए, इसके बारे में भी जानकारी जुटाई गई। थानाप्रभारी इत्यानंद ने बताया कि सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जाएगी। इस बीच पुलिस की एक टीम गुरुवार को देवरिया पहुंची और बीएसए के आवास पर दबिश दी, लेकिन वहां ताला बंद मिला। पड़ोसियों से पूछताछ के बाद टीम देर शाम गोरखपुर लौट आई।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



