
यूपी में गंभीर संक्रमण का कहर, एक महिला की आंख गई; दो की हालत नाजुक
Gorakhpur News - सिकरीगंज के न्यू राजेश हाईटेक अस्पताल में मोतियाबिंद सर्जरी के बाद संक्रमण की समस्या बढ़ती जा रही है। एक महिला को अपनी आंख गंवानी पड़ी, जबकि दो अन्य मरीजों की हालत गंभीर है। स्वास्थ्य विभाग ने इस घटना की जांच के लिए चार सदस्यीय टीम गठित की है।
गोरखपुर के सिकरीगंज स्थित न्यू राजेश हाईटेक अस्पताल में रविवार को हुई मोतियाबिंद की सर्जरी एक बड़े हादसे में बदल गई है। अस्पताल में आयुष्मान योजना के तहत 32 मरीजों का ऑपरेशन हुआ था, जिनमें से 11 मरीजों की आंखों में गंभीर संक्रमण (इंफेक्शन) फैल गया। लापरवाही का आलम यह है कि बारीगांव की रहने वाली 50 वर्षीय देवराजी देवी की जान बचाने और उनकी दूसरी आंख को सुरक्षित रखने के लिए डॉक्टरों को उनकी बाईं आंख निकालनी पड़ी। देवराजी का इलाज दिल्ली एम्स में चल रहा है।
इसके अलावा दो अन्य मरीजों की हालत भी बहुत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों का कहना है कि अगले 24 से 48 घंटे बेहद चुनौतीपूर्ण हैं। अगर संक्रमण पर काबू नहीं पाया गया, तो अन्य मरीजों की आंखें भी निकालनी पड़ सकती हैं। सहजनवां की मीरा देवी की स्थिति भी गंभीर है और उन पर डॉक्टर लगातार नजर रख रहे हैं।
इस पूरी घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए चार सदस्यों की एक विशेष जांच टीम बनाई गई है, जिसका नेतृत्व एडिशनल सीएमओ कर रहे हैं। इस टीम ने अस्पताल का निरीक्षण शुरू कर दिया है और लापरवाही के सबूत जुटाए जा रहे हैं ताकि दोषियों पर कार्रवाई की जा सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




