ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश गोरखपुरमहराजगंज में प्रधान पति ने गोरखपुर के होमगार्ड को गोली मारी

महराजगंज में प्रधान पति ने गोरखपुर के होमगार्ड को गोली मारी

महराजगंज के बरगदवा राजा गांव के प्रधान पति बृजेश यादव ने गोरखपुर के गुलरहिया थाने में तैनात होमगार्ड जवान दीपचंद को शुक्रवार देर रात गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया।...

महराजगंज में प्रधान पति ने गोरखपुर के होमगार्ड को गोली मारी
हिन्‍दुस्‍तान टीम ,महराजगंजSat, 16 Dec 2017 02:24 PM
ऐप पर पढ़ें

महराजगंज के बरगदवा राजा गांव के प्रधान पति बृजेश यादव ने गोरखपुर के गुलरहिया थाने में तैनात होमगार्ड जवान दीपचंद को शुक्रवार देर रात गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लेकिन गोली शरीर में फंसी होने के कारण फिर पीजीआई रेफर कर दिया गया। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। मामले में कोतवाली पुलिस ने बृजेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसके पिता रामाज्ञा को रात में ही हिरासत में ले लिया। घटना के बाद से ही प्रधान का पूरा परिवार फरार है।  

होमगार्ड जवान दीपचंद मूल रूप से गोरखपुर जिले के पिपराइच क्षेत्र के गांव चकिया का रहने वाला है। अभी उसकी तैनाती गुलरिहा थाने में है। उसने अपनी बेटी की शादी बरगदवाराजा गांव में विधवा किसमाती के बेटे से की है। दामाद करीब एक महीने पहले बाहर कमाने गया है। शुक्रवार को नाती (बेटी के पुत्र) की तबीयत खराब होने पर दीपचंद दवा पहुंचाने शुक्रवार को बरगदवाराजा पहुंचा। भोजन करने के बाद सभी दरवाजे पर अलाव सेक रहे थे। इसी दौरान प्रधान पति बृजेश किसमाती के दरवाजे पर पहुंचा। किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसी बीच बृजेश ने 315 बोर के कट्टे से दीपचंद पर फायर कर दिया।

गोली उसके पीठ में लगी। वह मौके पर ही गिरकर तड़पने लगा। गोली की आवाज सुन ग्रामीण मौके पर जुटे। लेकिन प्रधान पति के हाथ में कट्टा देख सभी चुप्पी साध लिए। किसी ने पुलिस को भी सूचित नहीं किया। कुछ देर के बाद दीपचंद ने खुद अपने मोबाइल से पुलिस को सूचित किया। रात करीब 11 बजे कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और उसे जिला अस्पताल पहुंचाई। इस बीच बृजेश का पूरा परिवार घर छोड़ कर भाग निकला। पुलिस ने छापेमारी कर उसके पिता रामाज्ञा को हिरासत में ले लिया। अन्य की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। 

मामले में कोतवाली पुलिस ने शनिवार को दीपचंद की पुत्री रिंकी की तहरीर पर बृजेश के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया। मौके से गोली, खून से सना दीपचंद का जैकेट भी बरामद हुआ है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें