गोरखपुर में अवैध संबंधों के शक में पत्नी की गला काटकर हत्या, पति गिरफ्तार
Gorakhpur News - गोरखपुर के डोंड़ो धाधूपार गांव में एक व्यक्ति ने अपनी 44 वर्षीय पत्नी नीलम देवी की हत्या कर दी। विवाद के बाद पति ने फावड़े से गला काटा और खुद पुलिस को सूचना दी। घटना के समय उनका 17 वर्षीय बेटा सूरज भी उपस्थित था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र के डोंड़ो धाधूपार गांव में मंगलवार की रात करीब 1:30 बजे एक व्यक्ति ने अपनी 44 वर्षीय पत्नी की फावड़े से गला काटकर हत्या कर दी और पुलिस को फोन कर खुद को सरेंडर कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक गांव के अशोक निषाद का अपनी 40 वर्षीय पत्नी नीलम देवी से रात करीब एक किसी बात को लेकर विवाद हुआ। शोर सुनकर 17 वर्षीय पुत्र सूरज की नींद खुली। उसने भीतर झांककर देखा तो उसके पिता अशोक निषाद मां पर हमला कर रहा था।
आरोप है कि पहले कुल्हाड़ी से वार किया, लेकिन धार न होने पर फावड़ा उठाकर गला काट दिया। बेटे को देख आरोपी ने उसे भी फावड़ा लेकर खदेड़ दिया। घटना के बाद आरोपी ने स्वयं पुलिस को फोन कर सूचना दी, जबकि पुत्र सूरज ने अपने नाना राजेंद्र निषाद, निवासी महुआपार, को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों के मुताबिक अशोक पहले मुंबई में कारपेंटर का काम करता था और पिछले दस वर्षों से गांव में रहकर खेती-पशुपालन कर रहा था। वह शराब का आदी है और पत्नी पर अवैध संबंध का शक करता था, जिसको लेकर आए दिन विवाद होता था। दंपती के दो बच्चे हैं सूरज (कक्षा 9) और 14 वर्षीय बेटी सृष्टि (कक्षा 7) की छात्रा है। मृतका के पिता राजेंद्र प्रसाद ने तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जयंत कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


