
मानव कल्याण के लिए बनी है सनातन धर्म की संस्कृति
Gorakhpur News - झंगहा में आयोजित हिंदू सम्मेलन में स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने कहा कि सनातन धर्म मानव कल्याण के लिए है। हिंदू समाज को संगठित होने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं ने हिंदू संस्कृति और सभ्यता की रक्षा पर बल दिया। गंगा आरती से शुरू हुए इस कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों ने सभी का मन मोह लिया।
झंगहा/चौरीचौरा, हिन्दुस्तान संवाद। खोराबार के प्राथमिक विद्यालय झंगहा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सोमवार को आयोजित हिंदू सम्मेलन के मुख्य अतिथि स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने कहा कि सनातन धर्म की संस्कृति मानव कल्याण के लिए बनी है। हमें अपनी सभ्यता और संस्कृति को बचाने के लिए हिंदू समाज को संगठित होना आवश्यक है। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सह क्षेत्र प्रचार प्रमुख मनोज कांत ने कहा कि जब तक हिंदू समाज सशक्त, समृद्ध और संगठित नहीं होगा, तब तक देश वैभवशाली नहीं होगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार चिंता जनक है। उन्होंने हिंदू समाज से एकजुट होने का आवाहन करते हुए कहा कि यदि समाज संगठित नहीं हुआ तो अस्तित्व पर संकट पैदा हो सकता है, और कश्मीर जैसी परिस्थितियों की पुनरावृत्ति का खतरा बना रहेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संघ के पूर्व प्रांत प्रचार प्रमुख डॉक्टर दिनेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि सनातन धर्म की रक्षा करके ही हम अपने राष्ट्र की संप्रभुता की रक्षा कर सकते हैं। हिंदुत्व मानव मात्र के कल्याण का आधार है। हिंदू होना ईश्वर का एक वरदान है। हिंदू जागेगा तो देश जगेगा। संचालन कर रहे पूर्व प्रचारक रंग नारायण पांडेय ने कहा कि भारत की प्राचीन सभ्यता सनातन संस्कृति बहुत ही गौरवशाली रही है । कार्यक्रम की शुरुआत गंगा आरती, भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। महुआ चैनल के विजेता भोजपुरी लोक गायक मोहन राठौर, लोक गायक मनोज मधुर एवं भोजपुरी लोक गायिका नीलम सागर ने देश भक्ति गीतों से उपस्थित जन समूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम में आयोजन समिति के अध्यक्ष अरविंद सिंह, संघ के जिला कार्यवाह राजन मद्धेशिया, जिला प्रचार प्रमुख अरुण कुमार सिंह, जिला प्रचारक पंकज, सामाजिक सद्भाव प्रमुख रामपति वर्मा, सह जिला कार्यवाह विकास कुमार, खंड संघ चालक व्यासमुनि सिंह, ऋषिकेश सिंह गोलू, प्रमोद निषाद, विजय सिंह, यशोदा, जिला पंचायत सदस्य सुनील गुप्ता, अरविंद सिंह उर्फ हंटू, पूर्व राज्यसभा सांसद जयप्रकाश निषाद, प्रहलाद सिंह उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




