
दिन में चटख धूप के बाद शाम को छाए बादल, हुई बारिश
Gorakhpur News - गोरखपुर में पूर्वी यूपी के कम दबाव के क्षेत्र के कारण शनिवार शाम मौसम में बदलाव आया। गहरे काले बादल छा गए और कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। इंजीनियरिंग कॉलेज...
गोरखपुर, वरिष्ठ संवाददाता। पूर्वी यूपी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी की तरफ से चक्रवाती हवाएं पूर्वी यूपी की तरफ आ रही है। इसके कारण शनिवार की शाम को मौसम का मिजाज बदल गया। शनिवार शाम को गहरे काले बादल आसमान में छा गए। महानगर के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। हालांकि कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी से महानगरवासियों को संतोष करना पड़ा। शनिवार को सर्वाधिक बारिश इंजीनियरिंग कॉलेज क्षेत्र में हुई। यहां पर करीब 45 मिनट तक मूसलाधार बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को 33.3 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई। इससे पहले शनिवार की सुबह आसमान अपेक्षाकृत साफ रहा।

बादल के चंद टुकड़े ही आसमान में मौजूद रहे। दिन में चटख धूप हुई। शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस रहा। जो कि सामान्य से करीब तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। रात का न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा। जो कि सामान्य से करीब एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। दिन और रात के तापमान में करीब 10 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा। हवा में नमी 98 फीसदी तक पहुंच गई। हालांकि दोपहर में हवा में नमी घटकर 65 फीसदी ही थी। मौसम विभाग के मुताबिक, महानगर में अगले चार दिनों तक आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। बुधवार को बादलों की रंगत बदलेगी। गहरे काले बादल छाएंगे। बुधवार को मध्यम बारिश हो सकती है। इससे दिन के तापमान में गिरावट होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




