
खिचड़ी मेले को ध्यान में रख सरकारी अस्पतालों पर व्यवस्था चौकस रखें
Gorakhpur News - गोरखपुर में बालिका समृद्धि पखवाड़ा (16 से 24 जनवरी) के दौरान कस्तूरबा विद्यालयों में छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। सीएमओ डॉ राजेश झा ने निर्देश दिए कि सभी छात्राओं को आवश्यक उपचार और परामर्श प्रदान किया जाए। इसके अलावा, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर ध्यान देने और आशाओं के भुगतान को सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।
डीएचएस की कार्यकारी निकाय की बैठक में सीएमओ ने दिये निर्देश बालिका समृद्धि पखवाड़ा में छात्राओं के स्वास्थ्य की होगी जांच गोरखपुर, वरिष्ठ संवाददाता। गोरखपुर जिले के सभी कस्तूरबा विद्यालयों में बालिका समृद्धि पखवाड़ा (16 से 24 जनवरी) चला कर वहां की छात्राओं की सेहत की जांच की जाएगी। साथ ही आवश्यक उपचार, दवाएं और परामर्श की सुविधा भी दी जाएगी। सीएमओ डॉ राजेश झा ने जिला स्वास्थ्य समिति (डीएचएस) की कार्यकारी निकाय की बैठक में इस संबंध में दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि खिचड़ी मेल को देखते हुए अपने-अपने चिकित्सालयों को चौबीस घंटे आपातकाल से निपटने के लिए तैयार रखें।
समस्त आशाओं का भुगतान समय से कराना सुनिश्चित करें। सीएमओ डॉ राजेश झा ने कहा कि सभी ब्लॉक के राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) टीम कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं का शत प्रतिशत स्वास्थ्य जांच कराना सुनिश्चित करें। इस दौरान छात्राओं को जो जूनियर पिंक कार्ड जारी किए जाएंगे, उनके जरिये विकली आयरन फोलिक सप्लीमेंटेशन की स्थिति की निगरानी भी की जाए ताकि बच्चियों को सम्पूर्ण पोषण मिल सके। सीएमओ ने कहा कि जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत प्रसव बढ़ाने के लिए आशा कार्यकर्ताओं की क्लस्टर के अनुसार बैठकें करें तथा जो आशा कार्य में रुचि नहीं ले रही हैं उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करें। सीएमओ ने कहा कि एचबीएनसी और एचबीवाईसी कार्यक्रम के अंतर्गत भी जो आशाएं कम भ्रमण कर रही हैं उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए। एनसीडी कार्यक्रम के अंतर्गत समस्त सीएचओ, एएनएम, आशा और डॉक्टर की नियमित समीक्षा की जाए। सीएमओ ने प्रत्येक ब्लॉक से कम से कम पांच स्वास्थ्य इकाइयों को एनक्वास के लिए तैयार करने को कहा। डॉ झा ने निर्देश दिया कि बुखार के मरीजों को ईटीसी में भर्ती करते हुए उनका उचित प्रबंध किया जाए। साथ ही आवश्यक जाँच के लिए सैंपल जनपद स्तर पर भेजना सुनिश्चित करें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




