बस्ती। हिन्दुस्तान टीम
पति से विवाद के बाद मायके में रह रही विवाहिता पंचायत के फरमान पर फिर से अपने ससुराल लौटी। लेकिन शुक्रवार सुबह ऐसा क्या हो गया कि उसका शव घर में फंदे से लटकता मिला। सीओ सिटी, फोरेन्सिक टीम और एसओ मामले की पड़ताल कर रहे हैं। घटना बस्ती जिले के वाल्टरगंज थानान्तर्गत रेहार जंगल की है, जहां पर सुनीता मौर्या (30) का शव मिला। पुलिस को आशंका है कि सुनीता की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को फंदे से टांग दिया गया।
वाल्टरगंज थाने के रेहार जंगल निवासी सतीश मौर्या की शादी करीब दस वर्ष पूर्व इसी थाने के लक्ष्मनपुर की सुनीता के साथ हुई थी। दोनों की तीन बच्चे भी हैं। खेती-किसानी करने वाले सतीश व सुनीता के बीच करीब एक साल से किसी बात को लेकर मनमुटाव चल रहा था और वह मायके चली गई थी। दोनों पक्षों की पहल पर दो माह पूर्व पंचायत हुई। पंचायत ने दोनों पक्षों को समझाया-बुझाया और फिर से विदा करा दिया।
मायके पक्ष की पहल पर गांव में पंचायत हुई और इसके बाद फिर सुनीता ससुराल आ गई। शुक्रवार की सुबह संदिग्ध परिस्थतियों में सुनीता की मौत हो गई। पति सतीश का कहना है कि उसने मकान में साड़ी का फंदा लगाकर जान दे दी, जबकि मायके पक्ष हत्या का आरोप लगाया है।