गुरुकुल सिटी परियोजना को जमीन पर उतरने की तैयारी
गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘नया गोरखपुर’ परियोजना के तहत ‘गुरुकुल सिटी’ के पहले फेज को लागू करने की तैयारी तेज हो गई है। 19.55 करोड़ रुपये की लागत से तीन प्रमुख सड़कों का निर्माण होगा। 90.964 हेक्टेयर जमीन 1308 किसानों से खरीदी गई है।
गोरखपुर, प्रमुख संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी ‘नया गोरखपुर’ परियोजना के तहत विकसित होने वाली ‘गुरुकुल सिटी’ के प्रथम फेज को मौजूदा वित्त वर्ष में जमीन पर उतारने की तैयारी तेज हो गई है। ले-आउट स्वीकृत होने के बाद अब गोरखपुर विकास प्राधिकरण विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराने के लिए सलाहकार नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द शुरू करेगा। इसके अलावा परियोजना में अवस्थापना विकास के तहत 19.55 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित तीन प्रमुख सड़कों के निर्माण के लिए जल्द टेंडर जारी होगा। सोमवार को गुरुकुल सिटी परियोजना का निरीक्षण करने पहुंचे जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल को मुख्य अभियंता किशन सिंह ने बताया कि मानीराम, बालापार एवं रहमतनगर में गुरुकुल सिटी फेज वन एवं टू परियोजना है जिसके तहत 153.079 हेक्टेयर लक्ष्य के सापेक्ष 90.964 हेक्टेयर जमीन समझौत के आधार पर 1308 किसानों से खरीदी जा चुकी है। तकरीबन 08 हेक्टेयर जमीन ग्राम पंचायत की सरकारी भूमि है। शेष के लिए अनिवार्य अर्जन की प्रक्रिया चल रही जिसके लिए धारा 11 का प्रकाशन जल्द हो जाएगा। प्राधिकरण उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने शेष भूमि के लिए अनिवार्य अधिग्रहण की कार्रवाई तेज करने के साथ समझौते का विकल्प खुला रखने का भी निर्देश दिया。
गुरुकुल सिटी का ले-आऊट
अधिशासी अभियंता राकेश प्रताप ने बताया कि गुरुकुल सिटी का ले आऊउ प्लान बोर्ड से स्वीकृत है।परियोजना के तहत आधुनिक टाउनशिप विकसित की जाएगी, जिसमें आवासीय प्लॉट, निजी विश्वविद्यालय, शिक्षण संस्थान, हरित क्षेत्र, रिसॉर्ट और सामुदायिक सुविधाएं विकसित होंगी। चिलुआताल क्षेत्र को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना भी इस योजना का प्रमुख आकर्षण रहेगा। जीडीए उपाध्यक्ष ने सड़क, नाली, सीवर, बिजली और पेयजल जैसी आधारभूत सुविधाओं के साथ सम्पूर्ण परियोजना का डीपीआर तैयार करने के लिए जल्द से जल्द सलाहकार फर्म हायर करने के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता राज बहादुर सिंह एवं अनिल सिंह भी उपस्थित रहे।
गुरुकुल सिटी में सड़कों का निर्माण
गुरुकुल सिटी के फेज वन में रहमत नगर और मानीराम में आधारभूत ढांचा विकास के लिए 19 करोड़ 55 लाख 26 हजार रुपये से 3110 मीटर लम्बी तीन सड़कों का निर्माण होगा। एक सड़क 49 मीटर चौड़ी और 1190 मीटर लम्बी होगी। दूसरी सड़क 18 मीटर चौड़ी 540 मीटर लम्बी और तीसरी सड़क 12 मीटर चौड़ी 1380 मीटर लम्बी होगी। इन सड़कों के लिए इन दोनों गांव की 26 अराजी अर्जित है। जबकि 76 अराजी नम्बर में जमीन अधिग्रहित करनी होगी। इसके लिए समझौते के प्रयासो के साथ अनिवार्य अर्जन की कार्रवाई भी चल रही है। प्राधिकरण उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल को मुख्य अभियंता किशन सिंह ने बताया कि प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में इन सड़कों के निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है। जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने इन सड़कों के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू करने के लिए मुख्य अभियंता किशन सिंह एवं अधिशासी अभियंता राकेश प्रताप को निर्देश किया।
नया गोरखपुर
-मानीराम, रहमतनगर, बलापार गुरुकुल सिटी विकसित करने के लिए तैनात होगा कंस्टलटेंट
-गुरुकुल सिटी की मेजर सड़कों के निर्माण की इसी हफ्ते टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी
-रहमतनगर, मानीराम, बालापार में 1308 किसानों से 90.964 हेक्टेयर जमीन खरीदी गई
-शेष बची जमीनों के अनिवार्य अधिग्रहण के लिए धारा 11 का प्रकाशन जल्द
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


