धूमधाम से निकली श्रीश्याम प्रभु की निशान यात्रा, भजनों पर झूमे श्रद्धालु
Gorakhpur News - गोरखपुर में श्रीश्याम लाडले संस्था द्वारा श्री श्याम प्रभु की विशाल निशान एवं शोभा यात्रा धूमधाम से निकाली गई। श्रद्धालुओं ने भजनों की धुन पर झूमते हुए भाग लिया। यात्रा के अंत में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें कई भजन प्रस्तुत किए गए और सभी ने भक्ति का आनंद लिया।

गोरखपुर, निज संवाददाता। श्रीश्याम लाडले संस्था द्वारा आयोजित श्री श्याम प्रभु की विशाल निशान एवं शोभा यात्रा मंगलवार को धूमधाम से निकाली गई। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जिसमें भारी संख्या में श्याम प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। श्रद्धालु भजनों की धुन पर झूमते नजर आए और पूरे वातावरण में भक्ति का उल्लास देखने को मिला। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। नेपाल क्लब में यात्रा के विराम के अवसर पर भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस दौरान कोलकाता से पधारे लव अग्रवाल ने ‘तेरे दर पर आकर मुझे क्या मिला है...’ भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
इसके बाद ‘थारे भरोसे हैं सांवरा’ सहित अनेक भजनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।जयपुर से आए अभिषेक नामा ने अपने भजनों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर किया, वहीं बस्ती से पधारे सचिन गुप्ता ने मधुर भजनों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। देर शाम तक चले भजन संध्या कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भक्ति का भरपूर आनंद लिया और अंत में प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री श्याम लाडले संस्था के निखिल रुंगटा, आकाश शर्मा, रजत सोनी, प्रतीक अग्रवाल, अमन गुप्ता, तन्मय गोयल, मधुरम छापडिया, मुकुंद अग्रवाल, प्रिंस निगम, आदर्श टेकड़ीवाल और केशव की भूमिका रही।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


