जेल में बंद भाई से मिलने जा रहे युवक का अपहरण, पिटाई कर एक्सप्रेसवे पर छोड़ा
Gorakhpur News - जिला कारागार में बंद भाई से मिलने जा रहे युवक का काले रंग की थार सवार युवकों ने शनिवार को अपहरण कर लिया और मारपीट कर एक्सप्रेसवे पर छोड़कर फरार हो गए। शाहपुर पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और घटना में प्रयुक्त थार वाहन को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जिला कारागार में बंद भाई से मिलने जा रहे युवक का काले रंग की थार सवार युवकों ने शनिवार को अपहरण कर लिया और मारपीट कर एक्सप्रेसवे पर छोड़कर फरार हो गए। शाहपुर पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और घटना में प्रयुक्त थार वाहन को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पैसे के लेन-देन में यह वारदात हुई है। 17 जनवरी को अमन कुमार राव (20) पुत्र जितेंद्र भारती, निवासी भैंसहा बाढ़न, थाना खोराबार, अपनी मां सीमा देवी के साथ जिला कारागार में हत्या के प्रयास में बंद अपने भाई हर्ष कुमार से मिलने गया था।
आरोप है कि इसी दौरान खोराबार थाना क्षेत्र के जंगल अयोध्या प्रसाद निवासी निगम भारती पुत्र मेवालाल भारती अपने साथियों के साथ काले रंग की थार से पहुंचा और अमन को जबरन गाड़ी में बैठा लिया। उसकी मां के शोर मचाने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि आरोपियों ने रास्ते में अमन का मोबाइल फोन बंद कर दिया और उसके साथ मारपीट की। इससे उसके चेहरे पर चोटें आईं। इसके बाद आरोपियों ने उसे सिकरीगंज लिंक एक्सप्रेसवे पर लाकर छोड़ दिया।
पीड़ित की सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने इस प्रकरण में खोराबार के निगम भारती और श्याम सुंदर, रामगढ़ताल के शैलेंद्र निषाद, बांसगांव के शुभम यादव को हिरासत में ले लिया है। घटना में प्रयुक्त थार वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पूछताछ के दौरान सामने आया है कि पीड़ित अमन कुमार और आरोपी निगम भारती के बीच 60 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार पैसे वापस न मिलने के कारण ही इस घटना को अंजाम दिया गया। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि मामले में आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर साक्ष्यों के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


