निकाय चुनाव 2022 में कई इतिहास दर्ज कराएगा गोरखपुर
गोरखपुर। मुख्य संवाददाता नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन 2022 में गोरखपुर कई इतिहास बनाएगा। इस...

गोरखपुर। मुख्य संवाददाता
नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन 2022 में गोरखपुर कई इतिहास बनाएगा। इस चुनाव में नगर निगम में 70 की जगह 80 वार्डों में चुनाव कराए जाएंगे। यही नहीं इस बार नगर निगम के साथ 8 नहीं बल्कि 11 नगर पंचायतों में चुनाव होंगे।
नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। एक तरफ जिला और पुलिस प्रशासन अपने-अपने तईं तैयारियां कर रहा है तो वहीं दूसरी तरफ निर्वाचन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी पसीना बहा रहे हैं। चुनावी सरगर्मी बढ़ने की गवाही नगर निगम के वार्डों तथा नगर पंचायतों में लगे होर्डिंग और बैनर दे रहे हैं।
सम्भावित प्रत्याशियों ने मतदाताओं को रिझाने और अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए वार्डों में होर्डिंग और बैनर लगवाने के साथ ही साथ मतदाताओं से सम्पर्क करना भी शुरू कर दिया है। कई सम्भावित तो मजबूत और जनाधार वाली पार्टी का खुद को मजबूत नेता बताने से भी नहीं चूक रहे हैं। वह यहां तक भी दावे कर रहे हैं कि इस बार पार्टी सभासद या पार्षद के लिए उन्हें ही टिकट देगी। वे ही पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी होंगे।
जो भी नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शीघ्र ही चुनावी प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। एक बात तय है कि इस बार गोरखपुर नगरीय निकाय चुनाव में कई इतिहास बनाएगा। गोरखपुर नगर निगम में अब 70 नहीं बल्कि 80 वार्डों में पार्षद के चुनाव कराए जाएंगे। अब सदन में 80 निर्वाचित और 10 मनोनीत पार्षद बैठेंगे। इसके अलावां इस बार 11 नगर पंचायतों में चुनाव कराए जाएंगे। पहले गोरखपुर में 8 नगर पंचायतें ही थीं। यह सब कुछ इतिहास बनेगा। साथ ही साथ गोरखपुर नगर निगम के चुनाव में आधा दर्जन गांवों के मतदाता भी प्रधान की जगह पार्षद चुनेंगे।
...
पहले नगर निगम और 8 नगर पंचायतें थीं
पहले गोरखपुर नगर निगम के साथ ही सहजनवां, बांसगांव, मुंडेरा बाजार, पीपीगंज, पिपराइच, गोला बाजार, बड़हलगंज, कस्बा संग्रामपुर उर्फ उनवल नगर पंचायतें थीं।
...
ये बनीं नई नगर पंचायतें
गोरखपुर जिले में उत्तर प्रदेश शासन ने तीन नई नगर पंचायतें उरुवां बाजार, चौमुखा और घघसरा बाजार को बढ़ा दी है। नगरीय निकाय सामान्यय निर्वाचन 2022 में इन तीन नई नगर पंचायतों में भी चुना कराए जाएंगे।
...
चुनाव सम्पन्न कराने को 321 मतदान केंद्र होंगे
नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन 2022 को सम्पन्न कराने के लिए गोरखपुर जिले में 341 मतदान केंद्र तथा 1146 मतदेय स्थल होंगे। हालांकि यह संख्या और बढ़ सकती है। जिला निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक 1265898 मतदाता नगर निगम तथा नगर पंचायतों में 80 पार्षद तथा 176 सभासदों का चुनाव करेंगे।
...
18 नवम्बर को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन
मतदाता सूची का अंतिम प्रकाश 18 नवम्बर को होगा। निर्वाचन कार्यालय द्वारा एक से 7 नवम्बर तक दावा तथा आपत्तियां मांगी गई है। इस दौरान एक से 4 नवम्बर के बीच मतदाता बनने के लिए ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है। इसके बाद निर्वाचन विभाग द्वारा 8 से 12 नवम्बर के बीच दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। दावों और आपत्तियों को निस्तारित किए जाने के बाद 13 से 16 नवम्बर के बीच फीडिंग की जाएगी। इसके बाद 18 नवम्बर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा।
