
गोरखपुर में दर्ज चार केस दिल्ली, राजस्थान व तेलंगाना ट्रांसफर
Gorakhpur News - गोरखपुर के चार पीड़ितों ने विदेश में गंभीर आपराधिक घटनाओं का शिकार होने के बाद अपने गांव लौटकर स्थानीय थानों में जीरो एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने इन मामलों को संबंधित राज्यों में स्थानांतरित कर दिया है। इनमें से तीन मामले हत्या और एक महिला अपराध से जुड़े हैं।
गोरखपुर, विवेक पाण्डेय परदेश में रहते हुए गंभीर आपराधिक घटनाओं के शिकार हुए गोरखपुर के चार पीड़ितों ने भय और असुरक्षा की स्थिति में अपने गांव लौटकर स्थानीय थानों में मुकदमे दर्ज कराए हैं। पुलिस ने जीरो एफआईआर के प्रावधान के तहत दर्ज इन चारों मुकदमों को उनके वास्तविक घटनास्थल वाले राज्यों दिल्ली, राजस्थान और तेलंगाना में स्थानांतरित कर दिया है। इन मामलों में तीन केस हत्या जैसे संगीन अपराधों से जुड़े हैं, जबकि एक मामला महिला अपराध से संबंधित है। गोरखपुर जिले के चौरीचौरा, खजनी, गुलरिहा और कैंट क्षेत्र के रहने वाले चारों पीड़ित अलग-अलग राज्यों में काम या निवास के दौरान वारदात के शिकार हुए थे।
अपराध के बाद उत्पन्न भय, दबाव और असुरक्षा के चलते वे संबंधित राज्यों में एफआईआर दर्ज कराने की स्थिति में नहीं थे और अपने गांव लौट आए थे। इसके बाद उन्होंने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पहुंचकर घटना की सूचना दी, जिस पर पुलिस ने जीरो क्राइम नंबर के तहत मुकदमे पंजीकृत किए। नए आपराधिक कानूनों के लागू होने के बाद जीरो एफआईआर की व्यवस्था को और प्रभावी बनाया गया है। इसका उद्देश्य यह है कि अपराध का शिकार व्यक्ति, चाहे घटना कहीं भी हुई हो, अपने नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज करा सके। बाद में विधिक प्रक्रिया पूरी कर मामले को संबंधित थाना या राज्य की पुलिस को स्थानांतरित किया जा सके। इसी व्यवस्था के तहत वर्ष 2025 में गोरखपुर के चार थानों में ये जीरो एफआईआर दर्ज की गई थीं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिन चार मामलों को ट्रांसफर किया गया है, उनमें से दो घटनाएं दिल्ली, एक राजस्थान और एक तेलंगाना में हुई थीं। सभी मामलों में आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर संबंधित राज्यों की पुलिस को केस डायरी, तहरीर और अन्य दस्तावेज भेज दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि केस ट्रांसफर होने के बाद भी पीड़ितों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उन्हें न्याय की प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो। पूरी कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में संपन्न की गई है। ये हैं चारों मामले - 9 अप्रैल 2025 : चौरीचौरा क्षेत्र से जुड़े एम्स थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई। इसमें धारा 115(2), 352, 351, 69 और 89 लगाई गई है। घटनास्थल सरिता विहार, दक्षिणी दिल्ली है। यह मामला महिला अपराध से जुड़ा है, जिसमें शादी का झांसा देकर महिला से संबंध बनाने का आरोप है। इस केस की जांच के सिलसिले में हाल ही में दिल्ली पुलिस की टीम चौरीचौरा भी आई थी। - 8 जुलाई 2025 : थाना गुलरिहा में जीरो एफआईआर दर्ज की गई। इसमें धारा 103 और 61(2) के तहत हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप हैं। घटनास्थल राजस्थान के जोधपुर सिटी वेस्ट स्थित थाना बासनी क्षेत्र है। - 30 अप्रैल 2025 : खजनी थाने में जीरो एफआईआर दर्ज हुई। इसमें धारा 103(1), 191(2), 235 और 238 लगाई गई हैं। घटनास्थल तेलंगाना राज्य के जिला साइबराबाद अंतर्गत कुकटपल्ली थाना क्षेत्र स्थित राम की अपार्टमेंट है। - 1 दिसंबर 2025 : चौरीचौरा थाने में दर्ज जीरो एफआईआर में धारा 238 और 103(1) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। इस मामले का घटनास्थल दिल्ली के द्वारिका जिले का मोहन गार्डन थाना क्षेत्र है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




