डीडीयू कर्मियों ने किया कार्य बहिष्कार, देर शाम पूरी हुई मांग
गोरखपुर विश्वविद्यालय में कर्मचारियों और छात्र नेताओं के बीच विवाद के बाद, कर्मचारियों ने आमसभा की बैठक कर कार्य बहिष्कार किया। कुलपति ने छात्रों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम ऑफ ग्रीवांस सेल का गठन किया। इसके बाद कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार वापस ले लिया। नई व्यवस्था से छात्रों को समस्याओं के समाधान में आसानी होगी।

गोरखपुर, कार्यालय संवाददाता। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में कर्मचारियों और छात्र नेताओं के बीच हुए विवाद के बाद शनिवार को कर्मचारियों ने प्रशासनिक भवन के सामने आमसभा की बैठक कर कार्यबहिष्कार कर प्रदर्शन किया। इस बीच फैसला हुआ कि जब तक मांगें मानी नहीं जाती, तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। लेकिन, देर शाम कुलपति ने कर्मियों की मांग को मानते हुए विद्यार्थियों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम ऑफ ग्रीवांस सेल का गठन कर दिया है। इसके बाद कर्मियों ने कार्य बहिष्कार के फैसले को वापस ले लिया है।
कर्मचारियों की मांगें
आमसभा में कर्मचारियों ने प्रस्ताव रखा कि किसी भी छात्र की समस्या के समाधान के लिए उसे सीधे संबंधित पटल सहायक के पास न भेजा जाए। इसके बदले विश्वविद्यालय की ओर से अधिकृत एजेंसी के काउंटर पर आवेदन दिया जाए। एजेंसी पटल सहायक को आवेदन सौंपेगी, जिसके बाद सत्यापन कर छात्र की समस्या का निस्तारण किया जाए। कर्मचारियों ने कहा कि एक दिन पूर्व जो घटनाएं घटी है, उसे देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम किए जाए।
सिंगल विंडो सिस्टम का गठन
कर्मचारियों की मांग पर देर शाम कुलपति के निर्देश पर छात्रों की परीक्षा संबंधी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए सिंगल विंडो सिस्टम ऑफ ग्रीवांस सेल का गठन कर दिया गया है। नई व्यवस्था के तहत छात्रों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग पटलों के चक्कर अब नहीं लगाने पड़ेंगे।
शिकायतें एक ही काउंटर पर दर्ज की जाएंगी, जहां ऑपरेटर आवेदन प्राप्त कर उसका पंजीकरण करेगा। इसके बाद शिकायत संबंधित अधिकारी अथवा पटल सहायक को आवेदन भेजा जाएगा। परीक्षा नियंत्रक कुलदीप सिंह ने बताया कि छात्रों की सुविधा को देखते हुए सिंगल विंडो सिस्टम लागू कर दिया गया है।
बैठक का संचालन
बैठक का संचालन कर्मचारी संघ के पूर्व अध्यक्ष मनीष कुमार त्रिपाठी एवं महेंद्रनाथ सिंह ने किया। बैठक में रमेश्वर पाण्डेय, अनुपमा गुप्ता, वरिष्ठ कर्मचारी नेता मनीष कुमार त्रिपाठी, फणेश तिवारी, जितेंद्र बहादुर सिंह, संतोष सिंह, सुरेंद्र यादव, राजबहादुर सिंह गौतम, निर्भय नारायण सिंह, सूरज राजभर, राकेश सिंह, राहुल त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
प्रश्न और उत्तर
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


