डीडीयू : पीएचडी अभ्यर्थियों को लाने होंगे साक्षात्कार के समय सभी कागजात
Gorakhpur News - गोरखपुर विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश के लिए साक्षात्कार प्रक्रिया 20 अप्रैल से शुरू होगी। अभ्यर्थियों को सभी मूल प्रमाणपत्रों और छायाप्रतियों के साथ आना अनिवार्य है। कई विषयों में साक्षात्कार की तारीखों में बदलाव किया गया है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को संबंधित विभाग से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

गोरखपुर, कार्यालय संवाददाता। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में पीएचडी में प्रवेश के लिए साक्षात्कार की प्रक्रिया 20 अप्रैल से शुरू होगी। इसे लेकर कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। कई विषयों में साक्षात्कार की तिथि में बदलाव किया गया है। इसकी जानकारी भी अभ्यर्थियों को दी गई है। प्रवेश प्रकोष्ठ के समन्वयक प्रो. हर्ष सिन्हा ने बताया कि साक्षात्कार के समय अभ्यर्थी अपने सभी मूल प्रमाणपत्रों के साथ एक सेट छायाप्रति भी अनिवार्य रूप से लेकर आएं। शोध पात्रता परीक्षा क्वालीफाई करने वाले अभ्यर्थियों को हाईस्कूल से लेकर परास्नातक स्तर तक के मूल अंकपत्र एवं प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र या विशेष श्रेणी प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), नेट-जेआरएफ प्रमाणपत्र, शोध पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण करने का प्रमाणपत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
इसके अलावा कई शोध प्रारूप और पीपीटी भी लाने होंगे। बताया कि पार्ट टाइम पीएचडी के अभ्यर्थियों के लिए कार्यरत होने का प्रमाण, अनुभव प्रमाणपत्र और नियोक्ता से एनओसी की मूल प्रति लानी होगी।यदि कोई शोध पत्र या पुस्तक प्रकाशित हो तो उसकी छाया प्रति लगानी होगी। विश्वविद्यालय और कॉलेजों के शिक्षकों को भी यही दिशा-निर्देश दिए गए हैं। बताया कि कुछ विषयों में साक्षात्कार की तिथि में बदलाव किए गए हैं। प्रवेश पोर्टल पर विभागों की अलग-अलग सूचना उपलब्ध करा दी गई है। अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए संबंधित विभाग से संपर्क या प्रवेश प्रकोष्ठ को ईमेल से जानकारी ले सकते हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


