
डीडीयू के छात्र मलेशिया की यूनिवर्सिटी में करेंगे पढ़ाई
Gorakhpur News - गोरखपुर विवि और मलेशिया की मैनेजमेंट एंड साइंस यूनिवर्सिटी के बीच हुई साझेदारी दोनों संस्थानों
गोरखपुर, निज संवाददाता। दीनदयाल उपाध्याय गोरखनाथ विश्वविद्यालय और मलेशिया की मैनेजमेंट एंड साइंस यूनिवर्सिटी (एमएसयू) के बीच शुक्रवार को वर्चुअल बैठक के माध्यम से साझेदारी हुई। इसका उद्देश्य वैश्विक शिक्षा, शोध सहयोग और छात्र गतिशीलता को सुदृढ़ करना रहा। साझेदारी का प्रमुख आधार संयुक्त डिग्री कार्यक्रमों की शुरुआत है। दोनों विश्वविद्यालयों ने 2 2 स्नातक और 1 1 स्नातकोत्तर कार्यक्रम प्रारंभ करने पर सहमति व्यक्त की, जिसके अंतर्गत छात्र दोनों संस्थानों में अध्ययन कर संयुक्त डिग्री प्राप्त करेंगे। प्रारंभिक चरण में बिज़नेस एडमिनिस्ट्रेशन तथा सूचना प्रौद्योगिकी के प्रमुख क्षेत्र, कंप्यूटर साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में कार्यक्रम प्रारंभ किए जाएंगे। क्रेडिट ट्रांसफर को सुगम बनाने के लिए ‘ब्लैंकेट अप्रूवल’ व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
साझेदारी के तहत एक महत्वाकांक्षी संयुक्त शोध एजेंडा भी निर्धारित किया गया है। भौतिक विज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी एवं जीवन विज्ञान में डीडीयू की विशेषज्ञता और एमएसयू के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का लाभ उठाते हुए दोनों विश्वविद्यालयों ने दिसंबर 2026 तक छह उच्च-प्रभाव वाले संयुक्त शोध-पत्र प्रकाशित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। सतत विकास को प्रमुख शोध विषय के रूप में चिन्हित किया गया है, जो क्यूएस एवं दी जैसे वैश्विक रैंकिंग मानकों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। दोनों संस्थानों ने अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में एक-दूसरे का सहयोग करने का भी संकल्प लिया। एमएसयू प्रतिनिधियों ने बताया कि डीडीयू के समर्थन में नौ देशों में अकादमिक एवं उद्योग जगत की प्रतिष्ठा बढ़ाने हेतु एक विशेष पहल प्रारंभ की जा चुकी है। इस बैठक का संयोजन अंतरराष्ट्रीय प्रकोष्ठ के निदेशक डॉ. रामवंत गुप्ता द्वारा किया गया। बैठक में विश्वविद्यालय के सभी संकायाध्यक्ष, शोध एवं विकास निदेशक, कृषि निदेशक, कुलसचिव, वित्त अधिकारी तथा परीक्षा नियंत्रक सहित वरिष्ठ प्रशासनिक नेतृत्व की सहभागिता रही। मैनेजमेंट एंड साइंस यूनिवर्सिटी, मलेशिया के साथ यह साझेदारी डीडीयू के वैश्विक उत्कृष्टता के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह हमारे विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को विश्व स्तरीय शिक्षा और शोध के अवसर प्रदान करने की प्रतिबद्धता को साकार करती है। संयुक्त डिग्री कार्यक्रम एवं शोध सहयोग वैश्विक अकादमिक सहभागिता को नई ऊंचाई देंगे। -प्रो. पूनम टंडन, कुलपति, डीडीयू

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




