औषधीय पौधों से जुड़े अनुसंधान की दी गई जानकारी
Gorakhpur News - महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय में गुरुवार को कृषि संकाय द्वारा औषधीय एवं सुगंधित पौधों पर संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया। सीएसआईआर-सीमैप के वैज्ञानिकों ने छात्रों को अनुसंधान के बारे में जानकारी दी। डॉ. रमेश कुमार ने इन फसलों के माध्यम से उद्यमिता को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर जोर दिया।

गोरखपुर। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर के कृषि संकाय में गुरुवार को संवादात्मक सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय औषधि एवं सगंध पौधा संस्थान (सीएसआईआर-सीमैप) लखनऊ के वैज्ञानिकों ने विद्यार्थियों को औषधीय और सुगंधित पौधों से जुड़े अनुसंधान की जानकारी दी। मुख्य वक्ता के रूप में प्रधान वैज्ञानिक डॉ. रमेश कुमार श्रीवास्तव ने औषधीय एवं सुगंधित पौधों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इन फसलों के माध्यम से उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा सकता है। कहा कि यदि किसान पारंपरिक खाद्यान्न फसलों के साथ-साथ औषधीय एवं सुगंधित पौधों की खेती अपनाते हैं, तो उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है।मुख्य
वैज्ञानिक डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने औषधीय एवं सुगंधित पौधों के क्षेत्र में नवीन तकनीकों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र में नवाचार अपनाने, मूल्य संवर्धन करने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से प्रश्न पूछे और अपने संदेहों का समाधान प्राप्त किया। स्वागत संबोधन डॉ. आयुष कुमार पाठक, संचालन शुभम आनंद तथा आभार ज्ञापन डॉ. प्रजन्या दूबे ने किया। इस मौके पर डॉ. विमल कुमार दुबे, डॉ. एस. प्रेमकुमारी, डॉ. नवनीत सिंह आदि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


