मुरादाबाद के ध्यानार्थ : बीएएमएस द्वितीय वर्ष का प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल
Gorakhpur News - गोरखपुर के महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय का बीएएमएस द्वितीय वर्ष का प्रश्नपत्र सोमवार को व्हाट्सएप पर वायरल हुआ। यह प्रश्नपत्र मुरादाबाद मंडल के एक मेडिकल कॉलेज से लीक होने की चर्चा है। हालांकि, विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने इसे खारिज करते हुए कहा कि परीक्षा की पूरी निगरानी होती है और प्रश्नपत्र ऑनलाइन उपलोड किया जाता है।

गोरखपुर, वरिष्ठ संवाददाता। महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय के बीएएमएस द्वितीय वर्ष का एक प्रश्नपत्र सोमवार को व्हाट्सएप पर वायरल हुआ। इस इस प्रश्नपत्र की परीक्षा सोमवार को ही आयोजित हुई है। प्रश्नपत्र मुरादाबाद मंडल के एक मेडिकल कॉलेज से लीक होने की चर्चा सामने आई। हालांकि, हिन्दुस्तान अखबार इसकी सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय की इन दिनों परीक्षाएं चल रही हैं। सोमवार को बीएएमएस (बैचलर ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड सर्जरी) द्वितीय वर्ष का एक प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस बात की चर्चा रही कि गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय से संबद्ध मुरादाबाद मंडल के एक मेडिकल कॉलेज का यह प्रश्नपत्र है और वहीं से लीक हुआ है।
प्रश्न पत्र 100 अंक का है और तीन सेक्शन में है। तीनों सेक्शन के प्रश्नों का स्क्रीन शॉट व्हाट्सएप पर वायरल हुआ।हालांकि, इस सम्बंध में आयुष विश्वविद्यालय, गोरखपुर के सहायक परीक्षा नियंत्रक मोहम्मद खालिद ने बताया कि प्रश्नपत्र लीक होने का सवाल ही नहीं है। परीक्षा आरम्भ होने से आधा घंटा पूर्व प्रश्नपत्र ऑनलाइन उपलोड किया जाता है। इससे पहले छात्रों को बैठा दिया जाता है। परीक्षा की पूरी तरह से निगरानी की जाती है। व्हाट्सएप पर वायरल प्रश्नपत्र की जानकारी नहीं है और न तो किसी तरह की कोई सच्चाई है। फिर भी यदि कोई शिकायत मिलती है तो इसकी जांच कराई जाएगी।कुलसचिव अजित कुमार जायसवाल ने भी कहा कि इस तरह की कोई जानकारी उन्हें नहीं है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


