सीवर के धंसे गड्ढे से गिरकर दो बाइक सवार घायल, देखिए कैसे हुआ हादसा
Gorakhpur News - गोरखपुर में नगर निगम के जलकल विभाग की लापरवाही के कारण क्रिसमस दिवस पर विजय चौराहे पर दो बाइक सवार घायल हो गए। घटना सीसी कैमरे में कैद हुई। एक बाइक सवार सीवर के धंसे गड्ढे में गिर गया, जिससे पीछे आ रहा दूसरा बाइक सवार भी चोटिल हो गया।

गोरखपुर में नगर निगम के जलकल विभाग की लापरवाही राहगीरों पर भारी पड़ रही है। गुरुवार को एक बार फिर दो बाइक सवारों को घायल होकर इसकी कीमत चुकानी पड़ी। शहर के विजय चौराहे पर उसी जगह पर एक बार फिर हादसा हुआ जहां पिछले दिनों एक ई-रिक्शा पलटने के चलते एक महिला घायल हो गई थी। इस बार दो बाइक सवार घायल हुए। पूरा हादसा सीसी कैमरे में कैद हो गया।
गुरुवार की सुबह 9.29 बजे के करीब रुंगटा एजेंसी के सामने सीवर के धंसे गड्ढे में एक बाइक सवार असंतुलित होकर गिर गया। उसके ठीक पीछे आ रहा दूसरा बाइक सवार जब तक संभलता, वही भी गिरे हुए बाइकर से टकराने के बाद गिरकर चोटिल हो गया। इसके पूर्व सोमवार को ऐसा ही हादसा सामने आया था जो सीसी कैमरे में रिकार्ड भी हो गया था। सोमवार को सीवर के धंसे गड्ढे में चार बजे के करीब ई-रिक्शा के पलटने से उसके साथ में चल रहा स्कूटी सवार और उस पर बैठा बच्चा भी दब गया।
हालांकि आसपास के लोगों ने तत्काल ई-रिक्शा को सीधा कर दिया। इससे स्कूटी पर अपने अभिभावक संग सवार मासूम सुरक्षित बच गया लेकिन ई-रिक्शा में सवार महिला को चोट लगी। मौके पर कुछ खून की बूंदे भी पड़ी मिली। स्थानीय कारोबारी आनंद रुंगटा ने बताया कि आए दिन कोई न कोई गिर कर चोटिल होता है। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने आश्वस्त किया कि जलकल विभाग से तत्काल इस गड्ढे की मरम्मत कराई जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




