Gorakhpur News: 100 जगह लगेंगे 70-70 लीटर क्षमता की स्मार्ट डस्टबिन, विज्ञापन से उठेगा खर्च
Gorakhpur News: गोरखपुर में 100 स्थलों पर 70-70 लीटर क्षमता वाले ड्यूल डस्टबिन लगाए जाएंगे। इनका खर्च विज्ञापनों से उठाया जाएगा, जिससे नगर निगम को अतिरिक्त बजट नहीं लगाना पड़ेगा। ई-रिक्शा के माध्यम से दिन में तीन बार सफाई की जाएगी। यह परियोजना स्वच्छ भारत मिशन के अनुरूप है।
Gorakhpur News: गोरखपुर। राजीव दत्त पाण्डेय महानगर सार्वजनिक और व्यावसायिक स्थलों पर अब स्मार्ट डस्टबिन लगाने की तैयारी है। पहले चरण में 100 स्थानों पर 70-70 लीटर क्षमता वाले ड्यूल डस्टबिन लगाए जाएंगे, जिनमें गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखा जा सकेगा। खास बात यह है कि डस्टबिन लगाने से लेकर उनकी रोजाना सफाई, कूड़ा उठान, धुलाई और रखरखाव का पूरा खर्च कंपनी विज्ञापन से मिलने वाली आय से उठाएगी। इसके लिए नगर निगम को अतिरिक्त बजट खर्च नहीं करना होगा।
न्यूएज क्लीन सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड का प्रस्ताव
न्यूएज क्लीन सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड ने सीएसआर आधारित मॉडल पर नगर निगम के समक्ष रखे प्रस्ताव को निगम सदन की स्वीकृति मिल गई है। प्रस्ताव के अनुसार महानगर के प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, कार्यालयों, सोसायटियों और कमर्शियल क्षेत्रों में ड्यूल डस्टबिन लगाए जाएंगे। प्रत्येक डस्टबिन को कोड आधारित निगरानी व्यवस्था से जोड़ा जाएगा। इससे उसकी सफाई और कूड़ा उठान की स्थिति की निगरानी की जा सकेगी।
सुबह-शाम नहीं, दिन में तीन बार होगी सफाई
कंपनी ई-रिक्शा के माध्यम से इन डस्टबिनों से कूड़ा उठाएगी। सुबह, दोपहर और शाम तीन बार सफाई और कूड़ा उठान की व्यवस्था प्रस्तावित है। डस्टबिन भरने या गंदगी फैलने की स्थिति में नियमित निगरानी से समय पर कार्रवाई का दावा किया गया है।
विज्ञापन से निकलेगा पूरा खर्च
कंपनी डस्टबिन पर विज्ञापन संरचना विकसित करेगी। इससे होने वाली आय से डस्टबिन खाली कराने, धुलाई, सफाई और अनुरक्षण का खर्च वहन किया जाएगा। अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार की ओर से प्रस्ताव नगर निगम सदन में लाया गया था जिसे स्वीकृति मिल गई। परियोजना को स्वच्छ भारत मिशन और स्वच्छ सर्वेक्षण के अनुरूप है।

