
ध्वस्त होगा वेडिंग जोन, 16 करोड़ से बनेगा निगम मार्ट
संक्षेप: Gorakhpur News - बोले गोरखपुर असर: 4 करोड़ की लागत से ट्रांसपोर्ट नगर में बना था वेंडिंग
गोरखपुर, वरिष्ठ संवाददाता ट्रांसपोर्ट नगर में नगर निगम द्वारा करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से बना वेंडिंग जोन को ध्वस्त कर नये सिरे से आधुनिक मार्ट बनाया जाएगा। ट्रांसपोर्ट नगर पुलिस चौकी से लेकर मुक्तेश्वर नाथ मंदिर तक प्रस्तावित डबल स्टोरी नगर निगम मार्ट पर करीब 16 करोड़ रुपये खर्च होंगे। निगम टेंडर आदि की औपचारिकता की तैयारी में जुटा है। नगर निगम द्वारा पटरी कारोबारियों को व्यवस्थित करने के लिए ट्रांसपोर्ट नगर में वेंडिंग जोन बनाया था। जिसमें कुछ पटरी कारोबारियों को स्थान का आवंटन भी हो गया था। लेकिन फ्लाईओवर और सिक्स लेन सड़क के निर्माण के बाद इसकी उपयोगिता नहीं रह गई है।

पिछले 6 सितम्बर के अंक में आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ के बोले गोरखपुर अभियान में ‘बेपटरी हुआ कारोबार, बिक्री न होने से गिर रहे शटर’ शीर्षक से समस्या प्रकाशित की थी। जिसमें वेंडिंग जोन में अवैध कब्जा और दुकानों के नहीं खुलने की वजह को स्थानीय कारोबारियों ने प्रमुखता से उठाया था। अब नगर निगम नए सिरे से मार्ट बनाने को तैयार है। प्रस्तावित डीपीआर के मुताबिक, मार्ट के भूतल और पहले तल पर 50-50 दुकानें होंगी। इसके टॉयलेट आदि भी सुविधा होगी। दुकानों को पटरी कारोबारियों को ही आवंटित करने की नगर निगम की योजना है। हालांकि लोग नगर निगम द्वारा वेंडिंग जोन पर खर्च किए गए 4 करोड़ रुपये को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं। व्यापारी असलम परवेज का कहना है कि सर्विस लेन को सुधार कर नगर निगम मार्ट बनाएगा तभी इसकी उपयोगिता होगी। कोट- ट्रांसपोर्ट नगर पुलिस चौकी से लेकर मुक्तेश्वर नाथ मंदिर तक डबल स्टोरी मार्ट बनाया जाएगा। भू-तल पर 50 और दूसरे तल भी 50 दुकानें होंगी। 16 करोड़ से प्रस्तावित मार्ट को लेकर टेंडर की औपचारिकता पूरी की जा रही है। अमित कुमार शर्मा, मुख्य अभियंता, नगर निगम

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




