डेडलाइन गुजरने के साढ़े तीन माह भी स्मार्ट रोड परियोजना अधूरी

Feb 13, 2026 06:00 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गोरखपुर
share

Gorakhpur News - गोरखपुर में करीमनगर से चरगावां तक 770 मीटर लंबी स्मार्ट रोड परियोजना का निर्माण कार्य समयसीमा के बाद भी पूरा नहीं हुआ है। 13.47 करोड़ रुपये की लागत वाली योजना में सड़क चौड़ीकरण और नाले का निर्माण कुछ हद तक पूरा हुआ है, लेकिन फुटपाथ, चौराहों और अन्य सुविधाएं अभी भी अधूरी हैं।

डेडलाइन गुजरने के साढ़े तीन माह भी स्मार्ट रोड परियोजना अधूरी
गोरखपुर, मुख्य संवाददाता। करीमनगर से चरगावां तक प्रस्तावित 770 मीटर लंबी स्मार्ट रोड परियोजना निर्धारित समयसीमा पार कर चुकी है, लेकिन निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है। 13.47 करोड़ रुपये की स्वीकृत लागत वाली इस महत्वाकांक्षी योजना की अवधि 30 अक्तूबर को समाप्त हो गई, इसके बावजूद सड़क, नाला निर्माण, फुटपाथ, चौराहों के सुधार सहित कई प्रमुख कार्य अधूरे हैं। परियोजना के तहत सड़क चौड़ीकरण में बीएम स्तर तक का कार्य और डिवाइडर निर्माण पूरा कर लिया गया है। सड़क की एक पटरी पर 500 मीटर नाले का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि दूसरी ओर 200 मीटर नाली का काम प्रगति पर है। शेष नाला निर्माण, फुटपाथ निर्माण, चौराहों की टर्निंग कम करने, पेलिकन सिग्नल, स्मार्ट डस्टबिन, टेबल टॉप क्रॉसिंग, कर्ब रैम्प और बोलार्ड जैसी सुविधाएं अब भी अधूरी हैं। इस परियोजना के लिए 13.47 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई थी। टेंडर प्रक्रिया के दौरान 12.83 करोड़ रुपये में चयनित फर्म को कार्य आवंटित किया गया। फर्म ने 01 अगस्त 2024 से काम शुरू किया इसे 30 अक्तूबर 2025 तक पूरा करना था, लेकिन समयसीमा बीत जाने के बाद भी कार्य पूर्ण नहीं हो सका है। जीडीए अधिकारियों का दावा है कि अतिक्रमण हटते ही शेष नाला एवं सड़क कार्य में तेजी लाई जाएगी। हालांकि निर्धारित समयसीमा बीत जाने से परियोजना की प्रगति और जवाबदेही को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

डीह बाबा मंदिर, बंद पड़े ट्यूबवेल स्थल पर शिफ्ट होगा

मार्ग चौड़ीकरण में बाधा बन रहे डीह बाबा मंदिर के स्थानांतरण को लेकर भी प्रक्रिया लंबी चली। प्रारंभिक प्रस्ताव नगर निगम की ओर से प्राधिकरण के पार्क में मंदिर निर्माण का था, जिसका स्थानीय निवासियों ने विरोध किया। अपर नगर आयुक्त से वार्ता के बाद वैकल्पिक स्थल न मिलने पर वार्ड संख्या 8 चरगावां की पार्षद सरोज पासवान, पार्षद प्रतिनिधि चंदू पासवान एवं स्थानीय निवासियों ने प्राधिकरण के वर्ष 2003 से बंद पड़े पंप हाउस को सुझाया। चूंकि कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति नगर निगम द्वारा की जा रही है, इसलिए पंप हाउस परिसर में मंदिर निर्माण पर सहमति बनी। अनाधिकृत दीवार ध्वस्त कर स्थल खाली कराया गया है। जल्द निर्माण प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। हालांकि दो-तीन लोगों विरोध जता रहे लेकिन पार्षद प्रतिनिधि चंदू पासवान कहते हैं कि सबकी सहमति मिल जाएगी, क्योंकि कोई विकल्प नहीं है।

नाला निर्माण में बाधक दुकानों के संचालकों को नोटिस

दूसरी ओर, प्राधिकरण ने स्मार्ट रोड के दोनों ओर प्रस्तावित नाले के एलाइनमेंट में आ रहे निर्माणों को चिन्हित कर भवन और दुकान स्वामियों को नोटिस जारी किया है। भोला टी-स्टॉल ने 2.5 मीटर हिस्सा स्वयं हटा लिया है, जबकि विजय मेडिकल स्टोर ने भी ध्वस्तीकरण शुरू कर दिया है। ओम मेडिकल स्टोर, भारत मेडिकल स्टोर, शिवाय मेडिकल स्टोर, जितेन्द्र कुमार द्वारा संचालित जनरल स्टोर, राम-श्याम द्वारा संचालित टी-स्टाल, किशन लाल द्वारा संचालित जनरल स्टोर के स्वामियों द्वारा दुकानें खाली की जा रही है। नाले के निर्माण से प्रभावित दुकानों के स्थल को खाली करने के लिए उनके स्वामियों ने दो-तीन दिन का समय मांगा है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।