बीज विक्रेताओं ने मंत्री कमलेश को सौंपा ज्ञापन, 5 को बुलाई बैठक
Gorakhpur News - गोरखपुर बीज व्यापारी संघ ने 'साथी पोर्टल' लागू करने पर चिंता जताई है। संघ ने केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन सौंपकर पुनर्विचार की मांग की है। व्यापारियों का मानना है कि पंजीकरण और लेन-देन की अनिवार्यता से व्यापारिक गतिविधियों में रुकावट आएगी और किसानों को समय पर बीज नहीं मिल पाएंगे।
गोरखपुर, मुख्य संवाददाता। कृषि व्यवसाय में साथी पोर्टल’ लागू करने को लेकर गोरखपुर बीज व्यापारी संघ ने चिंता जताई है। संघ ने केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान को मदरिया शक्ति पीठ पर ज्ञापन सौंपा और इस योजना पर पुनर्विचार की मांग की है। संघ ने बीज विक्रेताओं की पांच मार्च को रणनीति बनाने के लिए बैठक भी बुलाई है। संघ के अध्यक्ष श्रद्धानंद त्रिपाठी ने बताया कि संगठन के सदस्य वर्षों से किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, खाद और कीटनाशक उपलब्ध करा रहे हैं। ‘साथी पोर्टल’ पर पंजीकरण और लेन-देन की अनिवार्यता से व्यापारिक गतिविधियों में बाधा उत्पन्न हो सकती है।
इससे किसानों को समय पर बीज उपलब्ध कराना कठिन हो जाएगा। संघ ने आशंका जताई है कि पोर्टल के संचालन के लिए अतिरिक्त उपकरण, इंटरनेट सुविधा और कर्मचारियों की आवश्यकता होगी, जिससे छोटे व्यापारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। व्यापारियों का कहना है कि पहले किसान सीधे दुकान पर आकर तुरंत बीज ले लेते थे, लेकिन पोर्टल लागू होने के बाद प्रक्रिया जटिल होगी। इस योजना को लागू करने से पहले आवश्यक विचार-विमर्श करने की मांग की। गोरखपुर बीज व्यापारी संघ ने साथी पोर्टल पर विचार विमर्श के लिए पांच मार्च को मूर्ति लान सिंघड़िया में बैठक आयोजित की है। इसके साथ होली मिलन का कार्यक्रम भी आयोजित होगा। संघ ने बीज विक्रेताओं से पस्थित होने की अपील की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



