पिटाई से नाराज सफाई कर्मचारियों ने घेरा थाना, केस दर्ज
Gorakhpur News - कार्रवाई - कल्याणपुर वार्ड के प्रिंस और अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

गोरखपुर, वरिष्ठ संवाददाता। कल्याणपुर वार्ड में शुक्रवार की सुबह सफाई कर्मचारी को विवाद के बाद कुछ लोगों ने पीट दिया। पिटाई से नाराज दो दर्जन सफाईकर्मी तिवारीपुर थाने पहुंच गए। प्रदर्शन के बाद पुलिस ने वार्ड के निवासी प्रिंस और अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कल्याणपुर वार्ड में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन करने गए नगर निगम के सफाई कर्मियों पर मोहल्ले के कुछ युवकों ने हमला कर दिया। नागरिक नगर निगम की ओर से लिए जाने वाले 100 रुपये चार्ज का विरोध कर रहे थे। आरोप है कि उन्होंने सफाई कर्मियों पर कूड़ा फेंक दिया ओर उनकी पिटाई भी की। इससे नाराज वार्ड के सभी सफाई कर्मियों ने कार्य बहिष्कार कर दिया है। बहिष्कार के बाद बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी तिवारीपुर थाने पहुंच गए। सफाई कर्मी बलवंत निषाद, मनोज निषाद, रविशंकर कुमार व शुभम यादव रोज की तरह सफाई के काम में लगे थे। उनका आरोप है कि शुक्रवार की सुबह बिन्द टोला निवासी प्रिंस 8-10 साथियों के साथ आया और गालियां देने लगा। विरोध करने पर कूड़ा उठाकर उनके ऊपर फेंक दिया। इसके बाद उनकी पिटाई करने लगे।
सफाई कर्मचारियों ने इसकी सूचना पार्षद शिवेन्द्र मिश्रा, सुपरवाइजर के साथ ही मेठ को दी। इसके बाद सफाई कर्मी आरोपितों पर कार्रवाई की मांग करते हुए थाने में तहरीर दी। पार्षद शिवेन्द्र मिश्रा का कहना है कि जिस एरिया में विवाद हुआ है, वहां लोग 100 रुपये कूड़ा कलेक्शन चार्ज नहीं देना चाहते हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। सफाई कर्मचारियों की पिटाई करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।