लाल डिग्गी पार्क के कायाकल्प को तकनीकी कमेटी की स्वीकृति
Gorakhpur News - गोरखपुर के लालडिग्गी में पंडित जवाहरलाल नेहरू के नाम पर बने पार्क का नया रूप 2024 में देखने को मिलेगा। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत 26 करोड़ की लागत से पार्क में नई सुविधाएं जैसे जलाशय, ओपेन एयर...
गोरखपुर, मुख्य संवाददाता लालडिग्गी में पंडित जवाहरलाल नेहरू के नाम पर बना पार्क नए साल में नए कलेवर में दिखेगा। राज्य स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत गोरखपुर नगर निगम की 26 करोड़ की परियोजना को राज्य स्तरीय तकनीकी कमेटी में स्वीकृति मिल गई है। अब प्रस्ताव को शासन की व्यय वित्त कमेटी में भेजा जा रहा है। उम्मीद है कि जल्द ही व्यय वित्त कमेटी की स्वीकृति मिल जाएगी। उसके बाद टेंडर की प्रक्रिया शुरू होगी।
लालडिग्गी स्थित 10 एकड़ में फैले पार्क में पयर्टकों के पैदल भ्रमण के लिए मध्य भ्रमण पथ, चंद्राकार भ्रमण पथ, कक्षीय भ्रमण पथ, चंद्र पथ विकसित किए जाएंगे। पर्यावरण एवं प्रकृति के जोड़ते हुए जलाशय, घाट, जलाशय तट पथ, आमोद-प्रमोद उपवन एवं कुर्म द्वीप विकसित होगा। पार्क के मध्य 03 मीटर गहरी झील को विकसित कर ‘कुर्म द्वीप बनाया जाएगा जिसमें कछुआ की विभिन्न प्रजातियों को संरक्षित किया जाएगा। पुस्तकालय का निर्माण भी होगा।
ओपेन एयर थियेटर, फूडकोर्ट समेत अन्य सुविधाएं भी
पार्क में आने वाले पर्यटकों के लिए फूडकोर्ट का विकास होगा। इसके अतिरिक्त बच्चों के मनोरंजन के लिए यहां बाल वाटिका, संगीतमय फव्वारा, ओपेन एयर थियेटर बनाया जाएगा। इसके अलावा यहां लेजर-शो भी होंगे। पार्क में प्रवेश प्रांगण, पंडित नेहरू प्रतिमा स्थल के सौदर्यीकरण के साथ अमर शहीद राम प्रसाद बिस्मिल का स्मारक भी बनाया जाएगा। मण्डप के साथ सुविधा सम्पन्न पार्किंग, टॉयलेट ब्लॉक एवं यूनिरल भी बनाए जाएंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।